बच्चों के आने से पहले आई मौत की खबर:आगरा-मथुरा घूमने गए थे, लौटते समय कन्नौज में 4 स्टूडेंट्स की जान गई

Nov 24, 2026 - 11:09
0
बच्चों के आने से पहले आई मौत की खबर:आगरा-मथुरा घूमने गए थे, लौटते समय कन्नौज में 4 स्टूडेंट्स की जान गई
ताजमहल का दीदार और मथुरा की गलियों में दोस्तों के साथ बिताई गई मस्ती की यादें समेटे 50 स्कूली बच्चे मंगलवार सुबह अपने घर लौटने ही वाले थे। 22 नवंबर से शुरू हुआ 3 दिन का यह टूर उनके लिए जिंदगी के सबसे खूबसूरत पलों में से एक था। लेकिन घर की दहलीज पर कदम रखने से महज कुछ घंटे पहले, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मौत ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। एक दोस्त की तबीयत खराब होने पर रुकी स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी टक्कर मारी कि 4 बच्चों की सांसें थम गईं। नींद और खुशियों के बीच अचानक मची चीख-पुकार कौशांबी जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर पाइंसा थाना क्षेत्र के अफजलपुरवारी उदहिन गांव में है। स्कूल के बच्चे, टीचर और स्टाफ समेत 60 लोग 23 नवंबर की रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुए थे। रात भर के सफर के बाद सुबह करीब 6 बजे बस कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र (माइल स्टोन-210) के पास पहुंची थी। बस में सवार सभी बच्चे या तो गहरी नींद में थे या फिर घर पहुंचकर परिवार को टूर के किस्से सुनाने के इंतजार में थे। बस में सवार नौशाद (स्टूडेंट) की तबीयत खराब थी। उसे टॉयलेट कराने के लिए ड्राइवर ने बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे रोका। कोई कुछ समझ पाता, तभी पीछे से आ रहे आलू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। चकनाचूर हुई सीटें टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर की सीटें उखड़ गईं। हादसे के चश्मदीद और घायल छात्र शक्ति यादव ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया- टक्कर लगते ही हमारी बस काफी दूर तक घिसटती चली गई। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। बच्चे उखड़ी हुई सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए थे। खुद प्रिंसिपल सर भी गेट के पास फंसकर बस के साथ घिसट गए। एक अन्य घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर नशे में था, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जता रही है। 4 परिवारों में पसरा मातम इस दर्दनाक हादसे ने कौशांबी और फतेहपुर के चार परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है। जिन बच्चों ने टूर पर जाने के लिए हफ्तों पहले से तैयारियां की थीं, अब उनके घरों में सिर्फ सिसकियां गूंज रही हैं। इन छात्रों की जान गई आर्यन चौरसिया (14): पिता प्रेमकुमार चौरसिया (अफजलपुरवारी मोहब्बतपुर, कौशांबी) - 8वीं का छात्र रजीउल्लाह (16): पिता शमी उल्ला (अफजलपुरवारी मोहब्बतपुर, कौशांबी) - 10वीं का छात्र जैद मिर्जा (17): पिता रियाज अहमद (निदौरा, फतेहपुर) - 10वीं का छात्र अरमान (17): पिता रियाज अहमद (गौरे खकरेड़ु, फतेहपुर) - 8वीं का छात्र 25 लोग घायल हादसे में कुल 25 लोग घायल हुए हैं। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है। प्रशासन ने संभाला मोर्चा, सुरक्षित बच्चों को भेजा गया घर हादसे की सूचना मिलते ही ठठिया थाना पुलिस, यूपीडा की टीम और राहगीर मौके पर पहुंचे। सीटों के बीच फंसे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि जो बच्चे सुरक्षित हैं, उन्हें दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर सकुशल कौशांबी उनके परिजनों के पास भेजा जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User