धनतेरस-दीपावली पर उन्नाव में बदला ट्रैफिक रूट:8 नवंबर तक ई-रिक्शा-ऑटो की एंट्री बंद; भारी वाहनों के लिए भी डायवर्जन

Nov 06, 2026 - 08:02
0
धनतेरस-दीपावली पर उन्नाव में बदला ट्रैफिक रूट:8 नवंबर तक ई-रिक्शा-ऑटो की एंट्री बंद; भारी वाहनों के लिए भी डायवर्जन
उन्नाव में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। जाम से बचाने और लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए शुक्रवार से 8 नवंबर तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान ई-रिक्शा, ऑटो, कमर्शियल चार पहिया और भारी वाहनों के प्रवेश पर अलग-अलग मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। गांधी नगर तिराहे से शहर में नहीं मिलेगी एंट्री एसएसपी जयप्रकाश सिंह की ओर से जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार, गांधी नगर तिराहे से शहर के अंदर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और कमर्शियल चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को गदनखेड़ा चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, हरदोई ओवरब्रिज से आईबीपी चौराहे की ओर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और कमर्शियल चार पहिया वाहनों को प्रकाश गेस्ट हाउस की तरफ भेजा जाएगा। पुलिस ऑफिस तिराहे से बड़ा चौराहा की ओर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और कमर्शियल चार पहिया वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को प्रकाश गेस्ट हाउस तिराहा और हरदोई ओवरब्रिज होते हुए लखनऊ बाईपास की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह हुसैन नगर चौराहे से आईबीपी चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को छतुरिया कुआं से वापस कर दिया जाएगा। यहां से आईबीपी चौराहे की ओर इन वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। भारी वाहनों के लिए भी बदला रास्ता शहर में भारी और कमर्शियल वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए गदनखेड़ा और मगरवारा की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों का रूट भी निर्धारित किया गया है। गदनखेड़ा से शहर की ओर आने वाले भारी और कमर्शियल वाहनों को वकीलों के मैदान होते हुए नहरिया कट से मगरवारा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, मगरवारा से शहर की ओर आने वाले वाहनों को नहरिया कट से वकीलों के मैदान होते हुए गदनखेड़ा चौराहे की तरफ भेजा जाएगा। दोनों दिशाओं से शहर में भारी और कमर्शियल वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाजार जाने से पहले जान लें रास्ता त्योहार पर खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों को भी ट्रैफिक व्यवस्था में हुए बदलाव का ध्यान रखना होगा। खासकर ई-रिक्शा और ऑटो से बाजार जाने वालों को रास्ते में डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। यातायात पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने और सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग से बचने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने को कहा है। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से त्योहार के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User