त्योहारों पर सुरक्षा और सफाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई:उन्नाव में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट
उन्नाव में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे विकास भवन सभागार में डीएम घनश्याम मीना ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध पटाखा भंडारण और बिना लाइसेंस दुकानों पर रोक डीएम ने पटाखों के अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम और सीओ को संयुक्त टीमें बनाकर बाजारों और अन्य स्थानों पर जांच करने को कहा। पटाखों की दुकानें निर्धारित मानकों के अनुसार ही लगाई जाएंगी। आबादी वाले इलाकों में दुकानें खोलने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अग्निशमन की गाड़ियों और पानी के टैंकरों की तैनाती पहले से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। मिठाई और शराब की दुकानों पर चलेगा जांच अभियान त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष टीमें बनाकर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। मिलावट मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नकली और मिलावटी शराब की बिक्री रोकने के लिए शराब की दुकानों की भी जांच करने को कहा। छठ घाटों पर रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था छठ पर्व को लेकर डीएम ने नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारियों को सभी घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। घाटों पर रोशनी, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शहरी इलाकों में एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, ब्लीचिंग और चूने का छिड़काव कराने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई। भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेगी पुलिस डीएम ने भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर बिजली के तारों को समय रहते बदलने और त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। एंबुलेंस की तैनाती, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने पर भी जोर दिया। बैठक में सीडीओ कृतिराज, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, एडीएम नमामि गंगे विधेस, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के समाजसेवी नागरिक मौजूद रहे। नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर डीएम ने समय से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)