धनतेरस पर 860 परिवारों को मिले एलडीए के प्लॉट:नैमिष नगर और वरुण विहार योजना की तीन दिवसीय लॉटरी प्रक्रिया पूरी, 38,457 लोगों ने कराया था पंजीकरण
लखनऊ में धनतेरस की शाम 860 परिवारों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजना के प्रथम चरण की लॉटरी प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 860 प्लॉटों का आवंटन किया गया। लॉटरी में नाम निकलते ही किसी आवेदक के चेहरे पर खुशी दिखी तो कोई भावुक हो गया। दोनों योजनाओं में आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई गई। इसके लिए आवेदकों को खुले मंच पर बुलाया गया और उन्हीं के हाथों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया। वरुण विहार में 727 प्लॉट आवंटित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना की लॉटरी कराई गई। अंतिम दिन यहां 162, 288, 300 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 727 प्लॉट आवंटित किए गए। अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि लॉटरी में आवेदकों की मौजूदगी में पर्चियां निकलवाई गईं। नैमिष नगर में 133 प्लॉट का आवंटन वहीं, मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना की लॉटरी आयोजित हुई। इसमें 288 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 133 प्लॉट आवंटित किए गए। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी की मौजूदगी में लकी ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी कराई गई। तीन दिन में 4,539 प्लॉटों का आवंटन एलडीए ने दोनों आवासीय योजनाओं के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस दौरान कुल 38,457 लोगों ने आवेदन किया। तीन दिन तक चली लॉटरी में पहले दिन 2,243, दूसरे दिन 1,436 और अंतिम दिन 860 प्लॉटों का आवंटन किया गया। इस तरह तीनों दिन में कुल 4,539 प्लॉट आवंटित किए गए। लाइव प्रसारण में नाम देखकर पहुंचे आवेदक लॉटरी के दौरान कई आवेदक यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण के जरिए अपने नाम का इंतजार करते रहे। नाम निकलने की जानकारी मिलते ही कुछ लोग इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंच गए। आवंटन होने पर सफल आवेदकों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई और आवेदकों को लॉटरी देखने का मौका भी मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)