गाजियाबाद में 40 दुकानदारों ने स्टॉल लगाए:नगर निगम परिसर में स्वनिधि महोत्सव; स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी रखे उत्पाद
गाजियाबाद नगर निगम परिसर में शुक्रवार को स्वनिधि महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें करीब 40 पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने स्टॉल लगाए। महोत्सव का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आत्मनिर्भर बनाना था। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े लाभार्थियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्टॉल पर घरेलू सामान और महिलाओं के बनाए उत्पाद रखे गए। कृषि विभाग, समाज कल्याण और कौशल विकास समेत अन्य विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं का लाभ लेने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त और पार्षद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बेहतर काम करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। पहले, दूसरे और तीसरे चरण का ऋण पाने वाले लाभार्थियों, क्रेडिट कार्ड धारकों और डिजिटल लेनदेन करने वाले दुकानदारों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां और योजना से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी हुए। कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को कारोबार आगे बढ़ाने के लिए ऋण दिया जाता है। महोत्सव के जरिए छोटे दुकानदारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करने की कोशिश की गई। डूडा की शहर प्रबंधक अनुप्रिया ने बताया कि शासन के निर्देश पर 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक स्वनिधि महोत्सव और एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को गाजियाबाद में महोत्सव हुआ। इसमें 40 पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने स्टॉल लगाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)