धनतेरस पर महेंद्र और मारुति सुजुकी की जबरदस्त डिमांड:गोरखपुर में GEN-Z को पसंद आ रही बॉबर, बुलेट, अपाचे और पल्सर

Nov 06, 2026 - 06:39
0
धनतेरस पर महेंद्र और मारुति सुजुकी की जबरदस्त डिमांड:गोरखपुर में GEN-Z को पसंद आ रही बॉबर, बुलेट, अपाचे और पल्सर
गोरखपुर में धनतेरस और दीपावली को लेकर ऑटोमोबाइल बाजार में जबरदस्त रौनक है। दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनों तक की खरीदारी के लिए लोग शोरूम पहुंच रहे हैं। कारोबारी भी इस बार बाजार में अच्छी तेजी की उम्मीद जता रहे हैं। गोरखपुर में महेंद्र और मारुति सुजुकी की जबरदस्त डिमांड अधिक है। वहीं अगर देखा जाए GEN-Z को दो पहिया में सबसे अधिक बॉबर, बुलेट, अपाचे और पल्सर पसंद आ रही है। बुकिंग के आंकड़ों को देखते हुए अनुमान है कि धनतेरस पर जिले में 5000 से अधिक बाइक, स्कूटी और इलेक्ट्रिक स्कूटी की बिक्री हो सकती है। वहीं, 1200 से अधिक कारों की डिलीवरी का अनुमान है। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार ऑटोमोबाइल सेक्टर में 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ सामान्य कीमत वाली गाड़ियों की ही नहीं, बल्कि 4 से 5 लाख रुपये तक की महंगी बाइकों और 25 से 30 लाख रुपये तक की कारों की भी अच्छी मांग है। स्कॉर्पियो-एन, अपाचे, बॉबर और बुलेट जैसी गाड़ियां ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग भी बढ़ी है, लेकिन कई शोरूम में मांग के मुकाबले स्टॉक कम पड़ रहा है। बुकिंग इतनी कि स्टॉक से तीन गुना तक पहुंची डिमांड चार पहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर शोरूम में सबसे ज्यादा उत्साह दिखाई दे रहा है। मारुति शोरूम के सेल्स एंड मार्केटिंग जनरल मैनेजर अजय चौरसिया ने बताया कि नवरात्रि के बाद कुछ दिनों तक बाजार की रफ्तार धीमी लगी थी। लेकिन इसके बाद अचानक ग्राहकों की संख्या बढ़ गई। इस बार उम्मीद से कहीं ज्यादा बुकिंग हुई है। उन्होंने बताया कि शोरूम में उपलब्ध स्टॉक की तुलना में करीब तीन गुना अधिक बुकिंग आ चुकी है। फिलहाल लगभग 200 गाड़ियों की बुकिंग है। ब्रेजा की मांग अधिक होने से उसकी उपलब्धता में कमी है। हालांकि, ग्राहक विक्टोरिस को भी पसंद कर रहे हैं। धनतेरस पर पहले 70 से 80 गाड़ियों की डिलीवरी का लक्ष्य था, लेकिन अब 250 से 275 गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद है। पिछले साल की तुलना में बिक्री दोगुने से भी अधिक बताई जा रही है। वैगनआर, डिजायर और स्विफ्ट जैसी पेट्रोल कारों की मांग भी बढ़ी है। सीएनजी के साथ पेट्रोल सेगमेंट में भी ग्राहक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। महिंद्रा में स्कॉर्पियो-एन की सबसे ज्यादा डिमांड महिंद्रा के शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ है। महिंद्रा सरदार मोटर्स के जीएम सेल्स संजय शाही ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 20 फीसदी की ग्रोथ है। धनतेरस पर 51 गाड़ियों की डिलीवरी होनी है। इनमें सबसे ज्यादा मांग स्कॉर्पियो-एन की है। इस बार महंगी गाड़ियां खरीदने वाले ग्राहक भी पीछे नहीं हैं। स्कॉर्पियो-एन का ऑटोमैटिक टॉप मॉडल करीब 28 लाख रुपये का है। वहीं, करीब 32.50 लाख रुपये की सात सीटर इलेक्ट्रिक गाड़ी की भी बिक्री हुई है। उन्होंने बताया कि मांग अच्छी है, लेकिन गाड़ियों की उपलब्धता में कमी बनी हुई है। बाइक में अपाचे और बॉबर का क्रेज, 1000 से ज्यादा बुलेट की बुकिंग दोपहिया वाहनों के बाजार में भी धनतेरस को लेकर उत्साह है। टीवीएस के नौसढ़ स्थित धैर्य टीवीएस के सेल्स मैनेजर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि धनतेरस पर 70 से अधिक गाड़ियों की डिलीवरी का लक्ष्य है। इसमें सबसे ज्यादा मांग अपाचे की है। स्कूटर की बुकिंग भी अच्छी हो रही है। ग्राहकों को हर गाड़ी के साथ दो हेलमेट और दिसंबर में होने वाले लकी ड्रॉ का कूपन दिया जा रहा है। वहीं, भारत ट्रेडिंग कंपनी की मैनेजर एकता ने बताया कि धनतेरस के लिए 50 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। इनमें बॉबर की सबसे ज्यादा मांग है। खासकर युवा इस बाइक को पसंद कर रहे हैं। इसकी ऑन रोड कीमत करीब 2.46 लाख से 2.60 लाख रुपये तक है। महंगी बाइकों के शौकीनों में कांटीनेंटल जीटी की भी अच्छी मांग है। इसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। कारोबारियों के मुताबिक, शहर के अलग-अलग शोरूम में 1000 से अधिक बुलेट की बुकिंग हो चुकी है, जबकि धनतेरस और दीपावली को मिलाकर करीब 300 बुलेट ही उपलब्ध हो पाने का अनुमान है। इलेक्ट्रिक स्कूटर और कार की मांग ज्यादा, उपलब्धता कम इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर भी ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। इलेक्ट्रिक स्कूटर और कार खरीदने के लिए लोग शोरूम पहुंच रहे हैं। हालांकि, कारोबारियों के मुताबिक मांग के मुकाबले वाहनों का स्टॉक कम है। कई ग्राहक बुकिंग कराने के बाद डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं। धनतेरस पर सुबह से रात तक होगी डिलीवरी धनतेरस पर ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए शोरूम संचालकों ने भी तैयारियां की हैं। सनी होंडा के मैनेजर गणेश चौरसिया ने बताया कि इस बार ग्राहकों में काफी उत्साह है। अब तक करीब 150 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। ग्राहकों की सुविधा के लिए शोरूम सुबह 8 से 8:30 बजे तक खोल दिया जाएगा और रात 9 बजे तक डिलीवरी की व्यवस्था रहेगी। नई बाइक खरीदने के लिए धनतेरस का इंतजार शोरूम में पहुंच रहे ग्राहक भी अपनी पसंद की गाड़ी खरीदने के लिए धनतेरस का इंतजार कर रहे हैं। जंगल कौड़िया के धर्म सिंह यादव ने बताया कि उनके पास पहले से क्लासिक 350 है। इस बार कुछ नया लेने के लिए जावा की बाइक देखने आए हैं। वहीं, इंदिरा नगर के प्रदीप मौर्य ने बताया कि उन्होंने होंडा एसपी 125 की बुकिंग कराई है। उनका कहना है कि धनतेरस पर नई वस्तु खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए उन्होंने इसी दिन बाइक की डिलीवरी लेने का फैसला किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User