प्रयागराज में महिला की चेहरा कूंचकर हत्या:लकड़ी के पीढे से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतारा, पति हिरासत में

Nov 06, 2026 - 15:27
0
प्रयागराज में महिला की चेहरा कूंचकर हत्या:लकड़ी के पीढे से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतारा, पति हिरासत में
प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मन्दरी गांव में 28 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने भारी वस्तु से महिला के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया। उसके दोनों आंखों और माथे पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। भारी वस्तु से कुचल दिया चेहरा मृतका की पहचान बिजमा देवी (28) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव की रहने वाली थी। करीब दस वर्ष पहले उसकी शादी पूरामुफ्ती के मंदरा गांव निवासी सुमन कुमार से हुई थी। दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी चार वर्ष की है, जबकि अन्य दो बच्चों की उम्र तीन और दो वर्ष बताई जा रही है। रात एक बजे मिली हत्या की सूचना गुरुवार रात करीब एक बजे डायल-112 को सूचना मिली कि मंदरा गांव में एक महिला की घर के भीतर हत्या कर दी गई है। सूचना पर सबसे पहले डायल-112 की टीम और उसके बाद पूरामुफ्ती पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर पति सुमन कुमार को हिरासत में ले लिया। तीन दिन पहले ही मायके से लौटी थी महिला पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह भी जानकारी मिली है कि तीन दिन पहले ही सुमन अपनी पत्नी को उसके मायके से वापस लेकर आया था। मायके वालों को दी गई सूचना घटना के बाद पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पति से पूछताछ जारी डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User