नोएडा में 5 दिन में 2000 करोड़ का होगा कारोबार:पिछले साल से 20% ज्यादा बिक्री का अनुमान,धनतेरस से भाई दूज तक बाजारों में रहेगी रौनक
धनतेरस, दीपावली और भाई दूज समेत पांच दिन के त्योहारों पर नोएडा के बाजारों में करीब 2000 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। पिछले वर्षों के कारोबार को देखते हुए इस बार बाजार में करीब 20 प्रतिशत अधिक बिक्री होने का अनुमान है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी इस बार खास तौर पर अच्छी बिक्री की संभावना जताई जा रही है। सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया कि त्योहारों का सीजन व्यापारियों के लिए बड़े अवसर लेकर आया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुमान के मुताबिक, इस बार देशभर में करीब सात लाख करोड़ रुपये का व्यापार हो सकता है। वहीं, नोएडा के बाजारों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस बार दीपावली पर भारतीय उत्पादों की खरीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। घर की सजावट के सामान, मिट्टी के दीये, पूजा सामग्री, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, शुभ-लाभ और ओम के प्रतीक चिह्नों के साथ हस्तशिल्प से जुड़े उत्पादों की मांग बढ़ रही है। इन उत्पादों से स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। इन सामानों की रहेगी ज्यादा मांग
त्योहारों के दौरान कपड़े, रेडीमेड वस्त्र, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और उनके सहायक उपकरण, फर्नीचर, होम डेकोर, बर्तन, किचनवेयर, कॉस्मेटिक्स, जूते, घड़ियां, मिठाई-नमकीन, ड्राईफ्रूट, किराना और खाद्य सामग्री की बिक्री बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, खिलौने, गिफ्ट आइटम और घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रिकल सामान का कारोबार भी अच्छा रहने की उम्मीद है। स्वदेशी उत्पादों की ओर बढ़ा रुझान
सुशील कुमार जैन ने बताया कि इस बार बाजारों में स्वदेशी उत्पादों की मांग में उछाल देखने को मिल रहा है। पारंपरिक बाजारों से लेकर आधुनिक मॉल तक खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह है। उपभोक्ता विदेशी वस्तुओं के बजाय भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे आत्मनिर्भर भारत की मुहिम को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली का कारोबार हर वर्ग के लोगों की भागीदारी से बढ़ता है। कुछ परिवार एक हजार रुपये या उससे कम की खरीदारी करते हैं, जबकि कई लोग हजारों और लाखों रुपये तक खर्च करते हैं। त्योहारों का यह कारोबार व्यापारियों के साथ कारीगरों, निर्माताओं और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी रोजगार और आमदनी के अवसर पैदा करता है। किस क्षेत्र में कितने कारोबार का अनुमान
खाद्य सामग्री और किराना में 15 प्रतिशत, सोने-चांदी के आभूषण में 15 प्रतिशत, वस्त्रों में 15 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में 10 प्रतिशत कारोबार का अनुमान है। गिफ्ट आइटम में आठ प्रतिशत, कॉस्मेटिक्स में छह प्रतिशत, मिठाई-नमकीन में पांच प्रतिशत और फर्निशिंग व फर्नीचर में चार प्रतिशत कारोबार होने की संभावना है। इसके अलावा फल-ड्राईफ्रूट, बिल्डर्स हार्डवेयर, होम डेकोर, बर्तन-किचनवेयर और पूजा सामग्री में तीन-तीन प्रतिशत तथा कन्फेक्शनरी व बेकरी उत्पादों में दो प्रतिशत कारोबार का अनुमान है। अन्य वस्तुओं और सेवाओं की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत रह सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)