दीपावली पर फायर सेफ्टी का मास्टर प्लान तैयार:हर क्लस्टर में तैनात रहेगी दमकल, संकरी गलियों में बाइक से पहुंचेगी टीम
प्रयागराज में दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने खास तैयारी की है। पूरे पुलिस कमिश्नरेट को 24 क्लस्टर में बांटकर हर क्लस्टर में कम से कम एक दमकल गाड़ी तैनात की गई है। शहर के 79 स्थानों पर लगने वाले अस्थायी पटाखा बाजारों में भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले बाजारों और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में भी दमकल की गाड़ियां लगाई गई हैं। संकरी गलियों में आग लगने पर तुरंत पहुंचने के लिए 7 फायर फाइटिंग बाइक और छोटी गाड़ियों को भी मोर्चे पर लगाया गया है। विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अगले तीन दिनों तक शहर में विशेष निगरानी रखी जाएगी। 24 क्लस्टर में बांटा कमिश्नरेट अग्निशमन विभाग ने पूरे कमिश्नरेट को 24 क्लस्टर में बांटकर मास्टर प्लान तैयार किया है। हर क्लस्टर में कम से कम एक फायर टेंडर तैनात किया गया है। किसी स्थान पर आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित क्लस्टर की दमकल सबसे पहले मौके पर पहुंचेगी। अगर आग बड़ी हुई तो आसपास के क्लस्टरों से भी दमकल गाड़ियां भेजी जाएंगी। इससे एक साथ कई संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया जा सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक, दीपावली पर आतिशबाजी के कारण आग लगने की घटनाएं सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़ जाती हैं। इसे देखते हुए पहले से तैयारियां की गई हैं। 79 स्थानों पर पटाखा बाजार, दुकानदारों को दिए निर्देश कमिश्नरेट में इस साल करीब 79 स्थानों पर अस्थायी पटाखा दुकानें लगाने के लाइसेंस जारी किए गए हैं। इन सभी बाजारों में अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। दुकानदारों को दुकानों पर रेत और पानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के लिए रास्ता खुला रखने को कहा गया है। पटाखा बाजारों में फायर टेंडर, फायर बाइक और अग्निशमन उपकरणों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभाग की टीमें इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखेंगी। संकरी गलियों में फायर बाइक से पहुंचेगी टीम शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में बड़ी दमकल गाड़ियों को पहुंचने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए सात फायर फाइटिंग बाइक तैनात की गई हैं। इनके अलावा पिकअप वैन और छोटी गाड़ियों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। फायर बाइक की मदद से अग्निशमन कर्मी उन जगहों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां बड़ी गाड़ियां नहीं जा पातीं। इनकी मदद से शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कार्रवाई भी की जा सकेगी। बाजारों के साथ रिहायशी इलाकों में भी दमकल तैनात विभाग ने पटाखा बाजारों के अलावा शहर के प्रमुख बाजारों और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों को भी सुरक्षा के दायरे में रखा है। इन स्थानों पर दमकल की गाड़ियां स्टैटिक लोकेशन पर तैनात की गई हैं। इसके साथ ही मोबाइल वैन से लगातार गश्त की जाएगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी की मोबाइल वैन भी शहर में घूमकर निगरानी करेगी। अगले तीन दिनों तक विशेष सतर्कता बरती जाएगी, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंच सके। फायर टेंडर और उपकरणों की जांच पूरी, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि विभाग के सभी 24 फायर टेंडर और दूसरे उपकरणों की जांच पिछले सप्ताह ही पूरी कर ली गई थी। सभी संसाधनों को दुरुस्त कर संचालन के लिए तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों और प्रभारियों की छुट्टियां करीब एक सप्ताह पहले ही रद्द कर दी गई हैं। विशेष परिस्थितियों में अनुमति मिलने पर ही छुट्टी दी जाएगी। सभी कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का प्रयास है कि आग लगने की किसी भी घटना पर कम से कम समय में काबू पाया जाए। इससे लोगों की जान और संपत्ति का नुकसान रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)