दीपावली के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीदारी तेज:कमलासन वाली मूर्ति बनी पहली पसंद, 30 रुपए से 15000 तक की रेंज में उपलब्ध
दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए बाजारों में मूर्तियों की खरीदारी लगातार जारी है। धनतेरस के दिन भी लोगों ने बड़ी संख्या में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदीं। बाजार में इस बार करीब छह तरह की डिजाइन और वैरायटी उपलब्ध हैं। इनमें कमल सिंहासन पर विराजमान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं। मान्यता के अनुसार, दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा सुख-समृद्धि, धन और वैभव के लिए की जाती है, जबकि भगवान गणेश की पूजा बुद्धि, शुभता और विघ्नों को दूर करने के लिए होती है। इसी वजह से दीपावली पर दोनों की एक साथ पूजा की जाती है। मान्यता है कि लक्ष्मी जी के साथ गणेश जी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और शुभता बनी रहती है। छह तरह की वैरायटी में उपलब्ध मूर्तियां बाजार में कमल सिंहासन पर विराजमान लक्ष्मी-गणेश, नाव पर विराजमान मूर्तियां और अपनी सवारी के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां उपलब्ध हैं। इनमें मां लक्ष्मी के साथ उल्लू और हाथी तथा भगवान गणेश के साथ चूहे की सवारी वाली मूर्तियां भी शामिल हैं। इसके अलावा इको फ्रेंडली मूर्तियां, जरी और वस्त्रों से सजाई गई मूर्तियां और पेंट की गई प्रतिमाएं भी लोगों को पसंद आ रही हैं। 30 रुपए से शुरू, 15 हजार तक की मूर्तियां मूर्तियों की कीमत 30 रुपए से शुरू होकर 15 हजार रुपए तक है। महंगी मूर्तियों को जरीदार कपड़ों, मोतियों, गोटा-पट्टी और दूसरे सजावटी सामान से आकर्षक तरीके से तैयार किया गया है। इनमें बारीक कारीगरी और रंगों का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके अलावा बाजार में कबीर, हनुमान जी, मां सरस्वती और मां काली की मूर्तियों की भी मांग देखने को मिल रही है। हालांकि लक्ष्मी-गणेश की जोड़ी खरीदने वालों की संख्या सबसे अधिक है। कमलासन वाली मूर्तियों की सबसे ज्यादा मांग व्यापारियों के अनुसार, इस बार कमलासन पर विराजमान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार छोटी से लेकर बड़ी और सजावटी मूर्तियां खरीद रहे हैं। धनतेरस से शुरू हुई खरीदारी दीपावली तक जारी है। कई लोग पूजा के लिए पारंपरिक मूर्तियां पसंद कर रहे हैं, तो कुछ घर की सजावट को ध्यान में रखते हुए जरी और मोतियों से सजी प्रतिमाएं खरीद रहे हैं। हटरी की भी हो रही खूब खरीदारी इसके अलावा दीपावली पूजन के लिए हटरी की भी खूब खरीदारी हो रही है। बाजार में मिट्टी और सजावटी डिजाइन वाली हटरी अलग-अलग कीमतों में उपलब्ध हैं। इनमें छोटी-बड़ी और रंगों से सजी हटरी लोगों को पसंद आ रही हैं। दीपावली पूजन में हटरी का विशेष महत्व माना जाता है। इसे समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। परंपरा के अनुसार, हटरी में पूजन सामग्री और मिठाई आदि रखकर मां लक्ष्मी को अर्पित किया जाता है। कई लोग इसे दीपावली की पारंपरिक पूजा सामग्री के रूप में खरीदते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)