दंपती हत्याकांड के आरोपी का हाफ एनकाउंटर:सीएचसी में हुई थी पति-पत्नी की हत्या, दो साल की बच्ची मरणासन्न हालत में मिली थी
कन्नौज के गुरसहायगंज की पुरानी सीएचसी में दंपती की हत्या के आरोपी का रविवार शाम पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ में आरोपी योगेश उर्फ पंगा के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव का रहने वाला है। उस पर 4 नवंबर की रात संजीव कठेरिया और उनकी पत्नी शिखा की हत्या करने का आरोप है। दंपती की दो साल की बेटी वान्या भी घर में मरणासन्न हालत में मिली थी। पुरानी सीएचसी में हुई थी दम्पति की हत्या गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की पुरानी सीएचसी में रहने वाले संजीव कठेरिया और उनकी पत्नी शिखा की 4 नवंबर की रात घर के कमरे में हत्या कर दी गई थी। उनकी दो साल की बेटी वान्या गंभीर हालत में मिली थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं। रविवार शाम करीब 4 बजे गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी योगेश उर्फ पंगा का हाफ एनकाउंटर किया। पुलिस की गोली दोनों पैरों में लगने से वह घायल हो गया। उस पर दम्पति की हत्या करने का आरोप है। हालांकि, पुलिस ने अभी मामले में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है। एसपी करेंगे मामले का खुलासा कोतवाली पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का खुलासा एसपी विनोद कुमार करेंगे। इसके बाद ही एनकाउंटर और आरोपी की भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी। आरोपी के साइको टाइप होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 2022 में मां-बेटी की हत्या के मामले में भी हुआ था एनकाउंटर तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव निवासी योगेश उर्फ पंगा का दिसंबर 2022 में भी हाफ एनकाउंटर हो चुका है। आरोप है कि 29 नवंबर 2022 की रात उसने गांव की एक युवती और उसकी मां की हत्या कर दी थी। घटना के कुछ दिन बाद पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा था। 7 नवंबर को जेल भेजे जाने की बात आई सामने बताया गया कि मां-बेटी की हत्या के मामले में कोर्ट ने योगेश उर्फ पंगा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद 7 नवंबर को तालग्राम थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। वहां से उसे जेल भेज दिया गया था। ऐसे में रविवार को उसका दोबारा हाफ एनकाउंटर होने और गिरफ्तारी की बात सामने आई है। वह जेल से कब छूटकर बाहर आया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)