दो दिन से लापता बच्चे का शव नदी में मिला:बांदा में 9 नवंबर को घर से निकला था; पिता सूरत में मजदूरी करते हैं
बांदा जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता नौ वर्षीय बच्चे का शव मंगलवार शाम सात बजे केन नदी में उतराता मिला। कैलाश बाबा स्थान के पास नदी में तलाश के दौरान दादा और पुलिस को शव दिखाई दिया। बुधवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पहचान अनमोल (9) पुत्र राजनारायण के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 9 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे अनमोल घर से निकला था। उस समय गांव के कुछ लोग मौन चराने के लिए जा रहे थे। अनमोल भी उन्हीं के साथ चला गया था। घर पर उसकी पांच वर्षीय छोटी बहन निधि थी, जबकि मां अर्चना बकरी लेकर खेत में चराने गई थीं। शाम को मां घर लौटीं तो अनमोल घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों ने 9 नवंबर को ही देहात कोतवाली में बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार को दादा राजू और देहात कोतवाली पुलिस नाव से केन नदी में उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब सात बजे कैलाश बाबा स्थान के पास बच्चे का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
अनमोल गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। उसके पिता राजनारायण सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। बुधवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)