दो हफ्ते में शुरू होगी दीनदयाल अस्पताल की IPHL लैब:62 की जगह होंगी 117 जांचें; 1.25 करोड़ खर्च के बाद भी पांच महीने तक बंद रही सुविधा
वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में मरीजों को अब एक ही जगह 117 तरह की जांचों की सुविधा मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (IPHL) अगले दो हफ्ते में शुरू हो सकती है। अभी अस्पताल की सामान्य लैब में 62 तरह की जांचें हो रही हैं। नई लैब शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 117 हो जाएगी। अस्पताल के सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र ने बताया कि लैब का भवन अप्रैल में ही अस्पताल को हैंडओवर कर दिया गया था, लेकिन कुछ कमियों के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि लैब शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके संचालन में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी जरूरी है। कैंसर से लेकर हार्मोन और दिल की बीमारियों तक की जांच IPHL शुरू होने के बाद मरीजों को कई ऐसी जांचों की सुविधा मिलेगी, जिनके लिए अभी दूसरे सरकारी अस्पतालों या निजी लैब का सहारा लेना पड़ता है। इसमें कैंसर की पहचान के लिए बायोमार्कर, थायरॉयड सहित हार्मोनल जांच, कार्डियक प्रोफाइल, विटामिन की कमी और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी से जुड़ी जांचें शामिल हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए TORCH और एंटीफॉस्फोलिपिड एंटीबॉडी (APLA) जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी प्रस्तावित हैं। इन जांचों से गर्भावस्था से जुड़ी कुछ जटिलताओं और संक्रमण की पहचान में मदद मिलेगी। 1.25 करोड़ खर्च, अप्रैल में हैंडओवर फिर भी नहीं शुरू हुई लैब अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक के पीछे बनाई गई इस लैब का निर्माण उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव लेबर एंड डिजास्टर फेडरेशन (UPCLDF) ने कराया है। इस परियोजना पर करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लैब का शिलान्यास 16 सितंबर 2023 को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से किया था। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया। इसके बावजूद मरीजों को अब तक इसकी सुविधा नहीं मिल सकी। सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र के मुताबिक, अप्रैल में भवन हैंडओवर होने के बाद भी कुछ कमियों के कारण लैब का संचालन शुरू नहीं हो पाया। सीएमओ के निरीक्षण में मिली थीं निर्माण की कई कमियां 13 नवंबर को सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने लैब का निरीक्षण किया था। इस दौरान भवन को बिना एनओसी और जरूरी मानक पूरे किए हैंडओवर करने का मामला सामने आया। निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। निरीक्षण में कमरों, दीवारों और जांच के उपकरण लगाने के लिए बनाई गई जगहों में कमियां मिली थीं। महंगी मशीनें रखे जाने के हिसाब से निर्माण नहीं होने और कई जगह मशीनों की सुरक्षा के मानकों का ध्यान नहीं रखने की बात सामने आई थी। सीएमओ ने कार्यदायी संस्था को नोटिस देकर जवाब मांगा था। इंजीनियरों के साथ दोबारा निरीक्षण करने की बात भी कही गई थी। इससे पहले जनवरी 2026 में भी लैब निर्माण की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सवाल उठे थे। उस समय सामने आया था कि कार्यदायी संस्था ने 79 लाख रुपये का काम पूरा दिखाया था, जबकि भवन उपयोग के लायक नहीं था। सरिया और सीमेंट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। मामले की तकनीकी जांच के लिए आईआईटी कानपुर की टीम को निर्देशित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, इस जांच की अंतिम रिपोर्ट और उसमें दर्ज निष्कर्ष की जानकारी स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों की कमी से सभी जांचें शुरू करना चुनौती लैब शुरू होने के बाद भी सभी 117 तरह की जांचों का संचालन करना अस्पताल के लिए चुनौती होगा। सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र ने बताया कि अस्पताल में कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। इसी वजह से फिलहाल सभी तरह की जांचें नहीं हो पा रही हैं। नई लैब में जांचों का दायरा बढ़ाने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत होगी। इसके लिए शासन स्तर से डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। अस्पताल प्रबंधन की कोशिश है कि जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर अगले दो सप्ताह में लैब शुरू कर दी जाए। लैब शुरू होने से मरीजों को कई महंगी और विशेष जांचों के लिए निजी लैब का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही जिला अस्पताल में जांच की सुविधाओं का दायरा भी बढ़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)