दुकान पर विवाद के बाद युवक पर फायरिंग:हापुड़ में युवक के हाथ में लगे छर्रे, 4 पर FIR दर्ज
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के भड़ंगपुर गांव में दुकान पर सामान खरीदने गए युवकों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई। विकास के हाथ में गोली के छर्रे लगे। पुलिस ने रविवार रात करीब साढ़े दस बजे चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे भड़ंगपुर निवासी विकास अपने साथी सुमित के साथ गांव के बब्बू की दुकान पर सामान लेने गया था। सुमित शेखपुर गांव का रहने वाला है। दोनों दुकान पर खड़े थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। रिपोर्ट में आरोपियों की पहचान भड़ंगपुर निवासी हर्ष और लक्की, लुखराड़ा निवासी प्रिंस डबास और विनीत के रूप में हुई है। आरोप है कि चारों ने विकास और सुमित से गाली-गलौज की। विकास ने विरोध करते हुए प्लास्टिक की बोतल उनकी तरफ फेंकी। इसके बाद आरोप है कि लक्की ने तमंचा निकालकर विकास पर गोली चलाई। गोली के छर्रे विकास के हाथ में लगे और वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग कर बाइकों से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)