दवाई लेकर निकली महिला को डंपर ने कुचला, मौत:मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा-स्योहारा मार्ग पर हादसा, गुस्साए लोगों को पुलिस ने शांत कराया
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा-स्योहारा मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक निजी अस्पताल से दवाई लेकर बाहर निकली 35 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। अस्पताल से बाहर निकलते ही डंपर ने मारी टक्कर डिलारी क्षेत्र के गांव सहसपुरी निवासी अमीना (35) सोमवार सुबह इलाज के सिलसिले में ठाकुरद्वारा-स्योहारा मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल आई थीं। सुबह करीब 11 बजे जब वह अस्पताल से दवाई लेकर बाहर निकलीं, तभी सड़क पर आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें रौंद दिया। डंपर की चपेट में आने से अमीना गंभीर रूप से कुचल गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गुस्साए लोगों ने जाम लगाने का किया प्रयास हादसे के तुरंत बाद आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। महिला की मौके पर हुई मौत से गुस्साए कुछ लोगों ने मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सीओ आशीष प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी सुनील शर्मा भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और यातायात सुचारू कराया। डंपर कब्जे में लिया, फरार चालक की तलाश जारी दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतका अमीना के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)