ड्यूटी के दौरान हार्ट-अटैक से गोंडा के कांस्टेबल की मौत:पार्थिव शरीर धानेपुर गांव पहुंचा, पुलिस जवानों ने सलामी देकर दी अंतिम विदाई

Nov 06, 2026 - 22:17
0
ड्यूटी के दौरान हार्ट-अटैक से गोंडा के कांस्टेबल की मौत:पार्थिव शरीर धानेपुर गांव पहुंचा, पुलिस जवानों ने सलामी देकर दी अंतिम विदाई
गोंडा में थाना धानेपुर क्षेत्र के निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के वर्ष 2020 बैच के आरक्षी आदित्य श्रीवास्तव (25) का देवरिया जिले में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। महज 25 वर्ष की उम्र में उनके असामयिक निधन की खबर से धानेपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवा अवस्था में आदित्य के इस तरह दुनिया से चले जाने की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और पुलिस महकमे में गहरा दुख है। मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षी आदित्य श्रीवास्तव देवरिया जिले के सीओ कार्यालय में तैनात थे। वर्ष 2020 बैच में पुलिस सेवा में शामिल हुए आदित्य अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस विभाग के साथी जवानों और परिचितों में भी शोक व्याप्त हो गया। आदित्य अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता का निधन काफी समय पहले ही हो चुका था। परिवार में उनके दो बड़े भाई आलोक श्रीवास्तव और सौरभ श्रीवास्तव हैं। पिता के निधन के बाद परिवार के लिए आदित्य का जाना एक बड़ी क्षति है। उनके असामयिक निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार शाम पुलिस वाहन से आदित्य का पार्थिव शरीर धानेपुर स्थित उनके आवास पहुंचा। जैसे ही पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। भाइयों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार भी इस दुखद घड़ी में परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान पुलिस विभाग के जवानों ने अपने साथी आरक्षी को सम्मानपूर्वक सलामी देकर अंतिम विदाई दी। वर्दी में कर्तव्य निभाने वाले एक युवा पुलिसकर्मी के असमय निधन से साथी जवान भी भावुक नजर आए। आरक्षी आदित्य श्रीवास्तव के निधन की खबर से पूरे धानेपुर क्षेत्र में शोक व्याप्त है। क्षेत्र के लोग लगातार शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User