एएमयू छात्रसंघ चुनाव: नामांकन में दिखाया दम:जुलूस-नारेबाजी से गूंजा कैंपस; यूनियन हॉल के अंदर-बाहर दिनभर मेले जैसा माहौल, खेमेबंदी के बीच मुकाबला हुआ दिलचस्प
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव का मुकाबला गुरुवार को नामांकन के साथ पूरी तरह गरमा गया। यूनियन हॉल से वीमेंस कॉलेज तक छात्र राजनीति का जोश, जुनून और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। कहीं समर्थकों के जुलूस निकले, कहीं नारेबाजी हुई तो कहीं पर्चे और पम्फलेट बांटकर प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया गया। यूनियन हॉल के अंदर और बाहर दिनभर मेले जैसी भीड़ रही। क्षेत्रीय लॉबियों की गोलबंदी और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ के बीच चुनावी टेम्पो लगातार हाई रहा। वहीं, कुछ दावेदारों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की चर्चाओं ने भी नामांकन प्रक्रिया को सवालों के घेरे में ला दिया है। अब निर्वाचन टीम के सामने नामांकन पत्रों की जांच के साथ प्रत्याशियों की पात्रता परखने की चुनौती होगी।
एएमयू छात्रसंघ और यूनिवर्सिटी कोर्ट के चुनाव के लिए यूनियन हॉल में नामांकन हुए। इसके लिए पांच काउंटर बनाए गए थे। सुबह कोर्ट सदस्य और कैबिनेट पदों के दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव जैसे प्रमुख पदों के लिए नामांकन हुए। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और नारेबाजी के बीच समर्थन जुटाने की कोशिश की। कैंपस में पूरे दिन चुनावी सरगर्मी बनी रही।
अध्यक्ष पद पर 11 दावेदार, लॉबियों में मुकाबले की तैयारी
अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 नामांकन मिले हैं। इनमें छात्र नेता फरहान जुबैरी भी शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद इंतखाब वेस्ट-कश्मीर लॉबी, नोमान अशरफ, शरजील इकबाल और असमर फरीदी बिहार लॉबी, जबकि अब्दुल वहीद और जुहैर अहमद गोंडा-बस्ती-सिद्धार्थनगर (जीबीएस) लॉबी से जुड़े हैं। अलग-अलग क्षेत्रीय समूहों की सक्रियता और समर्थकों की गोलबंदी के बीच अध्यक्ष पद का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
उपाध्यक्ष पद के लिए सात और सचिव पद के लिए तीन नामांकन प्राप्त हुए हैं। उपाध्यक्ष पद के दावेदारों में मोहम्मद साकिब (गाजीपुर), सदन और अयमान हफीज (स्थानीय-वेस्ट), नशरा नईम (गोरखपुर), इरफा खान और मोहम्मद अब्दुल्ला (स्थानीय समूह) शामिल हैं। मानद सचिव पद के लिए मोहम्मद हमदान (आजमगढ़), अहमद फराज रजी और ओवैस अहमद (वेस्ट) ने नामांकन किया है।
151 नामांकन, कोर्ट सदस्यता के लिए सबसे ज्यादा दावेदारी
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ और यूनिवर्सिटी कोर्ट चुनाव के लिए कुल 151 नामांकन प्राप्त हुए हैं। इनमें अध्यक्ष पद के 11, उपाध्यक्ष के सात, सचिव के तीन, यूनिवर्सिटी कोर्ट सदस्यता के 76 और कैबिनेट सदस्य पद के 54 नामांकन शामिल हैं। कोर्ट सदस्यता और कैबिनेट पदों पर सबसे ज्यादा दावेदारों ने पर्चे भरे हैं।
आपराधिक मुकदमों वाले दावेदारों पर चर्चा, पात्रता की होगी जांच
नामांकन के बाद कुछ दावेदारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने को लेकर कैंपस में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि ऐसे प्रत्याशियों की चुनावी पात्रता किस आधार पर तय होगी। हालांकि, केवल मुकदमा दर्ज होने से किसी प्रत्याशी को स्वतः अपात्र नहीं माना जा सकता। निर्वाचन टीम को संबंधित नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेना होगा। लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप पात्रता के पहलुओं की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन प्रत्याशियों के नाम अंतिम सूची में जगह बना पाएंगे।
वीमेंस कॉलेज में 38 छात्राओं ने भरे पर्चे
वीमेंस कॉलेज में भी छात्रसंघ चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। यहां अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष के लिए पांच, सचिव के लिए पांच और कैबिनेट सदस्य पदों के लिए 21 छात्राओं ने नामांकन किया। कुल 38 छात्राओं ने विभिन्न पदों पर दावेदारी पेश की है।
अध्यक्ष पद के लिए आयशा जमाल, फलक नाज, तहूरा शकील, अनम रियाज, तमन्ना मुजफ्फर, मरियम नाज और रुकैया खान ने पर्चे भरे। उपाध्यक्ष पद पर आयशा खान, शम्अ फातिमा, सानिया सिराज, मासूमा और मरियम फातिमा ने दावेदारी की। सचिव पद के लिए जोया रहमान, मरियम जान, सानिया खान, रुकैया खातून और जैनब ने नामांकन किया। कैबिनेट के लिए 21 छात्राओं ने पर्चे दाखिल किए।
कल जांच और नाम वापसी, फिर साफ होगी तस्वीर
वीमेंस कॉलेज की चुनाव अधिकारी प्रो. नाजिया हसन के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद शाम चार बजे पात्र प्रत्याशियों की अंतिम सूची घोषित की जाएगी। तीन नवंबर को फाइनल स्पीच और पांच नवंबर को मतदान होगा। मतदान वाले दिन शाम छह बजे से मतगणना शुरू होगी और गिनती पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
एएमयू छात्रसंघ के निर्वाचन अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के अनुसार, नामांकन के बाद अगला चरण नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी का है। जांच के बाद ही अंतिम प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। ऐसे में कल का दिन चुनावी मुकाबले के लिहाज से अहम रहेगा। नामांकन की संख्या, लॉबियों की सक्रियता और पात्रता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सभी की निगाहें निर्वाचन टीम के फैसले पर रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)