मिर्जापुर में भाजपा ने अभियान की तैयारी बैठक की:4 नवंबर की प्रयागराज पदयात्रा में कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील
मिर्जापुर में भारतीय जनता पार्टी की गुरुवार को बरौधा कचार स्थित पं. दीनदयाल पुरम कॉलोनी के जिला कार्यालय पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत तैयारी बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में हुई बैठक में शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगी दल देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है और गरीबों, दलितों व किसानों को सम्मान मिला है। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने तथा संविधान और आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाकर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से लोगों तक पार्टी का पक्ष पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों और रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहने का संदेश दिया। क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी ने 4 नवंबर को प्रयागराज में होने वाली पदयात्रा को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील की। बैठक में नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तर कुमार मौर्य, मनोज जायसवाल, बालेंदु मणि त्रिपाठी, राजेंद्र सिंह पटेल और धनंजय पांडेय एवं भावेश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)