महिला तैराकी के चयन ट्रायल 30 अक्टूबर को होंगे:रायबरेली में 4-5 नवंबर को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता
प्रदेश स्तरीय महिला तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला एवं मंडल स्तर की प्रतिभाओं को तराशने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रायबरेली में 04 और 05 नवंबर 2026 को होने वाली प्रदेश स्तरीय महिला तैराकी प्रतियोगिता के लिए प्रयागराज में चयन ट्रायल 30 अक्टूबर 2026 को जॉर्ज टाउन स्थित स्वीमिंग पूल में होगा।
प्रयागराज के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा गया है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जबकि मंडल स्तरीय ट्रायल ठीक इसके बाद 11:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस ट्रायल में केवल वही महिला खिलाड़ी हिस्सा लेने की पात्र होंगी जिनकी आयु 25 वर्ष या इससे कम होगी।
ट्रायल के लिए औपचारिकताएं
चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाली सभी इच्छुक महिला खिलाड़ियों को अपने साथ कुछ अहम दस्तावेज और प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाने होंगे। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, संबंधित संस्थान का स्कूल बोनाफाइड, वैध एड्रेस प्रूफ और पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लेकर तय समय पर जॉर्ज टाउन स्थित स्वीमिंग पूल स्थल पर उपस्थित होना होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ के क्रीड़ा अधिकारियों को निर्देश दिया हैं कि वे अपने-अपने जनपदों की सर्वश्रेष्ठ तैराकी टीमों को समय से मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए भेजें। साथ ही, जीवन रक्षक शिवबाबू निषाद और तैराकी प्रशिक्षक अविनाश कुमार व कार्तिकेय निषाद को सम्पूर्ण ट्रायल का आयोजन कराने तथा चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)