ई-रिक्शे में महिलाओं के गहने चुराने वाली दो गिरफ्तार:पुलिस ने पांच सोने की चेन, तीन मंगलसूत्र, चार अंगूठियां समेत गहने जब्त किए
औरैया में ई-रिक्शे और ऑटो में सफर करने वाली महिला यात्रियों के गहने चुराने के आरोप में बिधूना पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से पांच सोने की चेन, तीन मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, झुमके, मांग टीका, दो कीपैड मोबाइल और 2 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बिधूना और दिबियापुर थानों में दर्ज चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है। एसपी अभिषेक भारती ने यह खुलासा गुरुवार शाम सात बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को बेला बस्ती निवासी कंचन शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बिधूना से रुरुगंज जाते समय ई-रिक्शे में बैठी दो महिलाओं ने उनके बैग से गहने चुरा लिए थे। 28 अक्टूबर को अनंतापुर निवासी उर्मिला देवी ने भी ऑटो में सफर के दौरान गले से चेन चोरी होने की शिकायत की थी। पुलिस इन मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना पर बिधूना पुलिस ने गपचरियापुर नहर पुल के पास दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान फर्रुखाबाद निवासी अंजली (35) और राजस्थान निवासी चांदनी (30) के रूप में हुई है। दोनों इटावा में भरथना चौराहे के पास किराये के मकान में रह रही थीं।
पूछताछ में पुलिस को दिबियापुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के दो अन्य मामलों में भी उनके शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, दोनों बस स्टैंड और अन्य जगहों से ई-रिक्शे में बैठती थीं और गहने पहनी महिलाओं को निशाना बनाती थीं। चोरी के गहने बेचकर मिली रकम वे आपस में बांट लेती थीं।
पुलिस ने बताया कि अंजली के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं। चांदनी का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)