गौमूत्र और गंगाजल पीकर नरगिस बनी इच्छा देवी, रचाई शादी:मैंने कलमे पढ़े थे पर अब नहीं मानती, गौमूत्र सभी को पीना चाहिए
"गौमूत्र और गंगाजल पीकर मुझे बहुत अच्छा लगा, इसे सभी को पीना चाहिए। मैंने पहले कलमे जरूर पढ़े थे, लेकिन अब मैं इन सब चीजों को नहीं मानती और सब कुछ छोड़ चुकी हूं।" यह कहना है आंवला थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर की रहने वाली नरगिस का है, जिसने सनातन धर्म अपनाकर अपना नया नाम 'इच्छा देवी' रख लिया है। सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित के.के. शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उसका शुद्धिकरण कराया और गांव के ही रहने वाले आकाश कश्यप के साथ उसका विवाह संपन्न कराया। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत, दिल्ली तक पहुंचा प्यार
महमूदपुर निवासी साजिद की पुत्री नरगिस उर्फ इच्छा देवी और उसी गांव के वेदराम के पुत्र आकाश कश्यप के बीच करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए जान-पहचान हुई थी। युवती ने बताया कि पहले उसी ने आकाश को मैसेज भेजकर बातचीत शुरू की थी और फिर शादी का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर आकाश राजी हो गया। युवती इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश ने हाईस्कूल किया है। शादी करने की चाहत में युवती पहले भी आकाश के साथ दिल्ली चली गई थी। उस समय युवती के परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने पर आकाश के परिवार वालों ने उसे वापस लौटा दिया था, लेकिन युवती दोबारा आकाश के पास लौट आई। बिना रुके तीन बार पढ़ा गायत्री मंत्र, आस्था का किया दावा
आश्रम में शुद्धिकरण की प्रक्रिया के दौरान महंत के.के. शंखधार ने युवती के हाथों में गंगाजल और गौमूत्र देकर आचमन कराया और पवित्रीकरण किया। इसके बाद युवती ने बिना रुके तीन बार शुद्ध उच्चारण के साथ गायत्री मंत्र पढ़ा। युवती ने स्पष्ट किया कि उसकी आस्था पिछले 4-5 वर्षों से हिंदू धर्म में है और उसने बिना किसी जोर-दबाव के अपनी मर्जी से घर वापसी की है। दस्तावेजों में बालिग होने का दावा, सुरक्षा की जताई चिंता
युवती ने विवाह और धर्म परिवर्तन से जुड़े शपथ-पत्र और शैक्षणिक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं। हाईस्कूल की मार्कशीट के अनुसार उसकी जन्मतिथि 11 जुलाई 2008 है, जिसके आधार पर वह बालिग है। वहीं, आकाश की जन्मतिथि 7 जुलाई 2001 दर्ज है। 25 नवम्बर को नोटरी शपथ-पत्र और 27 नवंबर 2026 को आर्य समाज, फतेहगंज पश्चिमी में हुए विवाह के प्रमाण-पत्र के जरिए दोनों ने अपनी शादी को वैध बताया है। आकाश ने बताया कि वे लोग फिलहाल गांव में न रहकर दिल्ली में रह रहे हैं, क्योंकि युवती के घर वालों से उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। हालांकि, युवती ने बताया कि आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में पूरी तरह स्वीकार कर लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)