गोली मारने के मामले में आरोपी गिरफ्तार नहीं:पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की, मुकदमा वापस लेने की धमकी का आरोप
कानपुर देहात में जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। आरोप है कि नामजद हमलावर खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। समझौता नहीं करने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की। 13 अक्टूबर को गोली मारकर किया था हमला मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र का है। औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के प्रसादपुरवा गांव निवासी शैलेंद्र सिंह पुत्र तिलक सिंह के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे मुकदमे में नामजद आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्होंने अकबरपुर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 191(2), 191(3), 190 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा वापस लेने का बना रहे दबाव पीड़ित का आरोप है कि घटना के कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम घूम रहे हैं। आरोपियों की ओर से लगातार मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी जा रही है। इससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाने की कही बात पीड़ित ने पुलिस पर अपेक्षित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने की बात कही है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर उसने एसपी से संबंधित थाना पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश देने की मांग की। साथ ही परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की भी गुहार लगाई। जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे आरोपी: एसपी एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)