गोंडा में लोगों ने पटाखे जलाकर मनाई दिवाली:घरों और मंदिरों में पूजा, दीये और रंगोली सजाई; देर रात तक आतिशबाजी से फैला प्रदूषण

Nov 09, 2026 - 10:03
0
गोंडा में लोगों ने पटाखे जलाकर मनाई दिवाली:घरों और मंदिरों में पूजा, दीये और रंगोली सजाई; देर रात तक आतिशबाजी से फैला प्रदूषण
गोंडा में दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कल रविवार शाम करीब 7:00 बजे शुरू हुआ दीपोत्सव का उल्लास आज सोमवार तड़के 2:00 बजे तक जारी रहा। लोगों ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के पट खोलकर विशेष अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ​त्योहार को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में विशेष उत्साह देखने को मिला। घरों को रंग-बिरंगी झालरों, मिट्टी के दीयों और मोमबत्तियों से सजाया गया था। महिलाओं और युवतियों ने अपने-अपने घरों के आंगन और मुख्य द्वारों पर आकर्षक रंगोलियां सजाईं। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों और देवी मंदिरों में भी भव्य सजावट की गई थी, जहां दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पर्व की तैयारी लोग पिछले एक हफ्ते से कर रहे थे, जिसके चलते बाजारों में नए वस्त्रों, बर्तनों, जेवरात और पटाखों की जमकर खरीदारी हुई। प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अपील की गई थी। लेकिन इसका असर बहुत कम दिखा। देर रात 2:00 बजे तक जिले में जोरदार आतिशबाजी होती रही। ग्रीन पटाखों के बजाय तेज आवाज और भारी धुएं वाले पटाखों के फूटने से वातावरण में धुआं और प्रदूषण काफी बढ़ गया। प्रदूषण और धुंध के चलते सुबह के समय कई लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। दीपावली त्यौहार को लेकर की सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे बड़े मोहल्ले में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी आसपास खड़ा किया गया था ताकि किसी प्रकार की दिक्कत लोगों को न होने पाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User