फतेहपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया:सोमवती अमावस्या पर शिवराजपुर, आदमपुर और असनी घाट पर जुटे लोग
फतेहपुर में सोमवार को सोमवती अमावस्या के पवित्र अवसर पर जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर पहर से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य लाभ अर्जित किया। इस विशेष अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान के साथ वटवृक्ष (बरगद के पेड़) की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। जिले के प्रमुख घाटों—भिटौरा, बलखंडी घाट, नौबस्ता घाट, शिवराजपुर, आदमपुर और असनी गंगा घाट पर अल सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद घाटों पर दान-पुण्य किया और भगवान सत्यनारायण की कथा के साथ पूजा-पाठ संपन्न किया। मान्यता है कि सोमवती अमावस्या के दिन गंगा स्नान और वट वृक्ष की परिक्रमा करने से विशेष मनोकामनाएं पूरी होती हैं और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए प्रमुख घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि स्नानार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और गोताखोरों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। दिन चढ़ने के साथ ही घाटों पर मेलों जैसा माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री और प्रसाद की खरीदारी भी की। प्रशासन के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धा के माहौल में संपन्न हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)