गोरखपुर में गूंजा वंदे मातरम्:2000 से ज्यादा छात्रों ने किया सामूहिक गायन, DIG और कुलपति भी रहे मौजूद

Sep 25, 2026 - 19:08
0
गोरखपुर में गूंजा वंदे मातरम्:2000 से ज्यादा छात्रों ने किया सामूहिक गायन, DIG और कुलपति भी रहे मौजूद
गोरखपुर के सरस्वती बालिका विद्यालय में शुक्रवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वंदे मातरम् रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हजारों छात्र-छात्राओं ने एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। इसी के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। पूरे परिसर में “एक स्वर, एक भाव, एक भारत” का संदेश गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में DIG गोरखपुर शिव सिंपी चन्नप्पा, कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रो. श्रद्धा शुक्ला और विभाग प्रचारक अजय नारायण उपस्थित रहे। बेटियां मजबूत होंगी तो देश होगा मजबूत कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी देश के विकास की नींव है। उन्होंने कहा कि यदि बेटियां सशक्त होंगी, तो देश भी मजबूत बनेगा। वहीं DIG शिव सिंपी चन्नप्पा ने विद्यार्थियों को प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से मेहनत, अनुशासन और संस्कार का महत्व समझाया और जीवन में लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की सलाह दी। 2000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने भरा देशभक्ति का रंग कार्यक्रम में करीब 2000 छात्र-छात्राओं, 125 शिक्षकों और 250 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन कर पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। छात्राओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर अपने विचार भी रखे, जिससे कार्यक्रम और भी प्रेरणादायक बन गया। शहर के 15 स्थानों पर गूंजा वंदे मातरम् विद्यालय के प्रयास से गोरखपुर महानगर के 15 अलग-अलग स्थानों पर भी वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। हर जगह लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या अर्चना त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User