गोरखपुर रेलवे पर बने 4 होल्डिंग एरिया:नारंगी-हरी जैकेट में दिखेंगे रेलवे कर्मचारी; प्लेटफॉर्म-2 के पास यात्री सहायता बूथ
दीपावली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए गोरखपुर जंक्शन पर रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। स्टेशन परिसर में चार अस्थाई यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों के बैठने, पानी पीने, लाइट और ट्रेनों की जानकारी देने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। होल्डिंग एरिया-2 में 24 घंटे डॉक्टर और उनकी टीम तैनात रहेगी। वहीं, स्टेशन परिसर और होल्डिंग एरिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के साथ जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी की जाएगी। रेलवे ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को ट्रेन में सुरक्षित तरीके से चढ़ाने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। गोरखपुर से चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाया जाएगा। इसके लिए मेगा माइक से लगातार अनाउंसमेंट भी किया जाएगा। जर्मन हैंगर शेड में बैठकर कर सकेंगे ट्रेनों का इंतजार स्टेशन पर बनाए गए चारों होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर शेड लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को धूप और मौसम से बचाव के साथ व्यवस्थित तरीके से बैठने की सुविधा मिलेगी। यहां पेयजल और रोशनी का इंतजाम किया गया है। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर ट्रेनों के आने और जाने की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा नियमित और स्पेशल ट्रेनों की सूची सूचना बोर्ड पर लगाई गई है। अनारक्षित टिकट लेने के लिए होल्डिंग एरिया में एमयूटीएस मशीनें भी लगाई गई हैं। यहां वाणिज्य विभाग के कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहेंगे। यात्रियों को टिकट लेने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। होल्डिंग एरिया-2 में 24 घंटे डॉक्टर रहेंगे तैनात त्योहारों के दौरान यात्रियों की तबीयत बिगड़ने या किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए होल्डिंग एरिया-2 में चिकित्सा बूथ बनाया गया है। यहां डॉक्टर और उनकी टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल इलाज मिलेगा। सभी होल्डिंग एरिया में अग्निशमन उपकरण भी रखे गए हैं, ताकि आग लगने जैसी घटना होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वॉर रूम से होगी निगरानी, जरूरत पर उड़ाया जाएगा ड्रोन स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष वॉर रूम बनाया गया है। इसमें वाणिज्य और परिचालन विभाग के कर्मचारियों के साथ एक अधिकारी की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। स्टेशन परिसर और चारों होल्डिंग एरिया को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है। किसी स्थान पर भीड़ बढ़ने या आपात स्थिति पैदा होने पर कर्मचारी वॉकी-टॉकी से वॉर रूम को सूचना देंगे। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। इससे ऊपर से भीड़ की स्थिति का आकलन कर व्यवस्था संभालने में मदद मिलेगी। नारंगी और हरी जैकेट से होगी कर्मचारियों की पहचान यात्रियों को मदद मांगने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग रंग की जैकेट की व्यवस्था की है। यात्रियों से सीधे संवाद और उनकी मदद करने वाले वाणिज्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारियों को नारंगी रंग की चमकदार जैकेट दी गई है। वहीं, यात्री सहायता और संवाद व्यवस्था से जुड़े अन्य कर्मचारियों को हरे रंग की जैकेट दी गई है। इससे यात्री जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारी को आसानी से पहचान सकेंगे। प्लेटफॉर्म-2 के पास यात्री सहायता बूथ यात्रियों की समस्याओं और पूछताछ के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास यात्री मित्र कार्यालय में विशेष सहायता बूथ बनाया गया है। यहां से यात्री ट्रेनों और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा अनारक्षित टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त टिकट खिड़कियां भी चलाई जा रही हैं। एमयूटीएस मशीनों से भी टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्टेशन पर बजेंगे दीपावली और छठ के पारंपरिक गीत रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के साथ त्योहार का माहौल बनाने की भी तैयारी की है। स्टेशन परिसर में समय-समय पर दीपावली और छठ महापर्व से जुड़े पारंपरिक और सांस्कृतिक गीत बजाए जाएंगे।
इसका उद्देश्य दूसरे शहरों से घर लौट रहे यात्रियों को त्योहार का एहसास कराना है। रेलवे का कहना है कि सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर 24 घंटे व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी, ताकि यात्री सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने घर पहुंच सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)