गुरुद्वारा नजरबाग में बंदी छोड़ दिवस एवं 20वां गुरुमत समागम:विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन, गुरु हरगोविंद साहिब के त्याग और बलिदान को याद किया गया, हजारों श्रद्धालु शामिल हुए

Nov 11, 2026 - 10:48
0
गुरुद्वारा नजरबाग में बंदी छोड़ दिवस एवं 20वां गुरुमत समागम:विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन, गुरु हरगोविंद साहिब के त्याग और बलिदान को याद किया गया, हजारों श्रद्धालु शामिल हुए
अयोध्या के ऐतिहासिक गुरुद्वारा नजर बाग में दीपावली के अवसर पर बंदी छोड़ दिवस एवं 20वां गुरुमत समागम धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर शबद-कीर्तन और गुरु वाणी से गूंज उठा। सुबह से ही अयोध्या सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। विशेष कीर्तन दरबार में संगत ने मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया और हजारों लोगों ने पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया कार्यक्रम में सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोविंद साहिब के जीवन, संघर्ष, त्याग और मानवता के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। गुरुद्वारा नजर बाग के जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह ने बंदी छोड़ दिवस का ऐतिहासिक महत्व बताते हुए कहा कि वर्ष 1619 में गुरु हरगोविंद साहिब ने ग्वालियर किले से 52 राजाओं को मुक्ति दिलाई थी। उनकी इसी महान स्मृति में बंदी छोड़ दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा नजर बाग में वर्ष 2006 से लगातार गुरुमत समागम आयोजित हो रहा है और इस वर्ष 20वां आयोजन संपन्न हुआ समागम में हरियाणा के करनाल सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे संतों और रागी जत्थों ने शबद-कीर्तन एवं कथा के माध्यम से गुरु की शिक्षाओं का संदेश दिया। संतों ने कहा कि जीवन में सेवा, समर्पण, प्रेम और भाईचारे का भाव सबसे महत्वपूर्ण है। दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि अपने भीतर ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश फैलाना भी है। जरूरतमंदों की सेवा और मानवता का कल्याण ही सच्चे धर्म का मार्ग है ( इस अवसर पर संत बाबा त्रिलोचन सिंह, बाबा भोला , गेजा , स्वर्ण सिंह, करमजीत, सतनाम, लखनऊ से भाई सतबीर सिंह तथा नौतनवा से परमजीत ने संगत को गुरु की शिक्षाओं से जोड़ते हुए सत्संग किया। कार्यक्रम में अयोध्या, फैजाबाद और भिटरिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह, महंत हेमंत दास शामिल हुए समागम में विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास, समाजसेवी अवधेश वर्मा, पार्षद प्रियेश दास सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सिख समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गुरुद्वारे के सेवादार नवनीत सिंह ने अतिथियों एवं संगत का स्वागत किया। आयोजन के समापन पर सामूहिक अरदास की गई और गुरु का अटूट लंगर वितरित हुआ। पूरे आयोजन में सेवा, श्रद्धा, एकता और भाईचारे की अनुपम मिसाल देखने को मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User