हरदोई में चांद देखकर महिलाओं ने खोला व्रत:अर्घ्य देकर पति की लंबी उम्र की कामना की, पतियों ने पिलाया जल

Oct 29, 2026 - 22:30
0
हरदोई में चांद देखकर महिलाओं ने खोला व्रत:अर्घ्य देकर पति की लंबी उम्र की कामना की, पतियों ने पिलाया जल
हरदोई जनपद में गुरुवार की रात सुहागिनों का सबसे बड़ा पर्व करवा चौथ पूरी आस्था, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। चंद्रदर्शन के बाद महिलाओं ने अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत खोला और उनकी दीर्घायु एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। इस दौरान घरों से लेकर बाजारों तक खुशी का माहौल नजर आया, जहां परिवारों ने मिलकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस दौरान खूब आतिशबाजी हुई। गुरुवार को सुबह से ही जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में करवा चौथ को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। महिलाओं ने व्रत के नियमों का पालन करते हुए निर्जला उपवास रखा। शाम होते ही सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार कर सामूहिक रूप से मां करवा (माता पार्वती), भगवान गणेश और शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान थाली में चलनी, दीपक, करवा, रोली, अक्षत, कलावा, धूप, फल, मिठाई और सुहाग की सामग्री जैसे चूड़ियां, महावर और सिंदूर विशेष रूप से शामिल रहे। महिलाओं ने विधि-विधान से कथा सुनी और चंद्रोदय का इंतजार किया। रात के समय जब आसमान में चांद का दीदार हुआ, तो महिलाओं ने चलनी से पहले चंद्रमा को अर्घ्य दिया और फिर अपने पति का चेहरा देखकर व्रत पूर्ण किया। परंपरा के अनुसार पतियों ने भी अपनी अर्धांगिनी को जल पिलाकर उनका व्रत खुलवाया और जीवनभर साथ निभाने का वचन देते हुए आशीर्वाद दिया। इस पावन अवसर पर घर के बुजुर्गों ने भी नवदंपतियों और सुहागिनों को आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे परिवार में उल्लास और आत्मीयता का माहौल बन गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने अपनी बहुओं व देवरानियों के साथ एमजी मार्ग स्थित आवास पर करवा चौथ की विशेष पूजा कर, विधि विधान के साथ व्रत खोला। त्योहार के इस अवसर पर हरदोई के बाजारों में भी खासी रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने पूजन सामग्री, श्रृंगार के सामान और उपहारों की जमकर खरीदारी की। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस बल भी शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर मुस्तैद नजर आया, जिससे जिले भर में पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User