इलाहाबाद हाईकोर्ट बार की मतगणना दो दिन रुकी:अधिवक्ता राहुल पांडेय की मौत के बाद चुनाव कमेटी का फैसला, 28 पदों के 241 प्रत्याशी बचे
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व संयुक्त सचिव (प्रेस) अधिवक्ता राहुल पांडेय के आकस्मिक निधन के बाद दो दिन के लिए रोक दी गई है। शुक्रवार को अध्यक्ष और महासचिव पद का परिणाम घोषित होने के बाद अब शनिवार और रविवार को मतगणना नहीं होगी। चुनाव समिति के मुताबिक सोमवार से फिर मतगणना शुरू की जाएगी। शुक्रवार को 102 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद पर डॉ. सीपी उपाध्याय और महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्रा को विजयी घोषित किया गया। सीपी उपाध्याय ने पीसी श्रीवास्तव को 74 मतों से हराया। उन्हें 2446, जबकि पीसी श्रीवास्तव को 2372 वोट मिले। महासचिव पद पर संतोष मिश्रा ने 3270 वोट हासिल किए और राय साहब यादव को 283 मतों से हराया। राय साहब यादव को 2987 वोट मिले। अब 28 पदों की गिनती बाकी
अध्यक्ष और महासचिव पद पर परिणाम आने के बाद अब बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के बाकी 28 पदों के लिए मतगणना होनी है। इन पदों पर कुल 241 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में कुल 263 प्रत्याशी थे, जिनमें अध्यक्ष पद के आठ और महासचिव पद के 14 प्रत्याशी शामिल थे। इन दोनों पदों के परिणाम आने के बाद 241 प्रत्याशी और 28 पदों की गिनती बाकी है। बाकी पदों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद के लिए 15, उपाध्यक्ष के चार पदों के लिए 50, महिला उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए छह, संयुक्त सचिव प्रशासन के एक पद के लिए 13, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी के एक पद के लिए 12, संयुक्त सचिव प्रेस के एक पद के लिए 10 और संयुक्त सचिव महिला के एक पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद के लिए 11, महिला कोषाध्यक्ष के लिए तीन, गवर्निंग काउंसिल पुरुष के 10 पदों के लिए 100 और गवर्निंग काउंसिल महिला के पांच पदों के लिए 16 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल की मौत से बदल गया चुनाव का माहौल
शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर सीपी उपाध्याय और महासचिव पद पर संतोष मिश्रा की जीत के बाद अधिवक्ताओं में जश्न का माहौल था। इसी दौरान पूर्व उपाध्यक्ष राहुल पांडेय की अचानक मौत ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। राहुल नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीपी उपाध्याय के साथ हाईकोर्ट परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह अचेत होकर गिर पड़े। साथी अधिवक्ता उन्हें एसआरएन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
राहुल पांडेय के निधन के बाद चुनाव समिति ने मतगणना रोकने का फैसला लिया। अब शनिवार और रविवार को कोई गिनती नहीं होगी। । इसके बाद कार्यकारिणी के शेष पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)