सहारनपुर में चोरी के जेवर बेचने निकला आरोपी गिरफ्तार:दो महीने पहले साथियों संग की थी वारदात,सामान बरामद

Nov 25, 2026 - 11:50
0
सहारनपुर में चोरी के जेवर बेचने निकला आरोपी गिरफ्तार:दो महीने पहले साथियों संग की थी वारदात,सामान बरामद
सहारनपुर के सरसावा में घर में दिनदहाड़े चोरी करने के करीब दो महीने बाद पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपी आसिफ उर्फ फिक्का को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी के जेवर बेचने जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की है। मामला सरसावा कस्बे में शांतिधाम के सामने स्थित कॉलोनी का है। यहां रहने वाले राकेश सैनी 23 सितंबर को पत्नी और बेटी के साथ दोपहर 12 बजे नकुड़ तहसील में बैनामा कराने गए थे। बैनामा नहीं होने पर दोपहर करीब 2 बजे घर लौटे। इस दौरान घर का पिछला गेट और कमरों के दरवाजे खुले मिले। अलमारी और स्टोर रूम में रखी गोदरेज अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। सामान बिखरा पड़ा था। राकेश सैनी के मुताबिक, चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 1.50 लाख रुपए नकद ले गए थे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आसिफ उर्फ फिक्का सरसावा के मोहल्ला मिर्धान का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि 23 सितंबर को उसने दो साथियों के साथ दिनदहाड़े चोरी की थी। तीनों दीवार फांदकर घर में घुसे थे। आसिफ दरवाजे के पीछे खड़ा होकर निगरानी कर रहा था, जबकि उसके दोनों साथी बैग लेकर घर से बाहर निकले। इसके बाद तीनों जंगल के रास्ते फरार हो गए। आसिफ ने बताया कि उसके साथियों ने चोरी के जेवर और रुपए उसे दे दिए थे। वह जेवर बेचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बिल नहीं होने के कारण कोई खरीदने को तैयार नहीं हुआ। बुधवार को जेवर बेचने जाते समय पुलिस ने उसे नकुड़ रोड पर हाईवे पुल से पहले नर्सरी के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर सोने का एक गले का हार, एक जोड़ी टॉप्स, एक गले का सेट, एक मंगलसूत्र और एक चेन बरामद की है। इसके अलावा चांदी की चार जोड़ी पाजेब, चार जोड़ी चुटकी और 15 सिक्के भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आसिफ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सरसावा थाने में चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी, धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User