इटावा में कमरे के अंदर युवक का शव मिला:दोनों हाथों में कपड़ा बंधा था, ताला तोड़कर निकाली गई लाश
इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 8 बजे एक 26 साल के युवक का शव संदिग्ध हालत में कमरे के अंदर बेड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान ब्लॉक 9/139 के शिवम वर्मा (26) के रूप में हुई है। वह आभूषण बनाने का काम करता था। उसके दोनों हाथों में कपड़ा बंधा हुआ था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की मां ने कॉलोनी निवासी अजय पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। 8 नवंबर को हुई थी मारपीट मृतक की मां और पीआरडी जवान अवलेश वर्मा का कहना है कि 8 नवंबर की सुबह कॉलोनी में अजय ने शिवम के साथ मारपीट की थी। इस दौरान उसके सिर पर ईंट से वार किया गया था, जिससे उसे गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मां ने सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। 300 रुपए को लेकर हुआ था विवाद अवलेश वर्मा के मुताबिक, शिवम की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। तीन दिन पहले वह उसे इलाज के लिए मैनपुरी में एक बाबा के पास लेकर गई थीं। इसके लिए उन्होंने कॉलोनी निवासी अजय का ऑटो बुक किया था। ऑटो के किराए के कुछ रुपए दे दिए थे, लेकिन अजय ने बाद में 300 रुपये और मांगे थे। इस पर उन्होंने बाद में पैसे देने की बात कही थी। बकाया रुपये मांगने पर सिर पर मारी ईंट मृतक की मां का आरोप है कि अगले दिन अजय ने शिवम से बकाया रुपये मांगे। शिवम ने उससे कहा कि पैसे उसकी मां से ले ले। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि अजय ने शिवम के सिर पर ईंट मार दी। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था। मां का आरोप है कि शिकायत और मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ताला तोड़कर देखा तो बेड पर पड़ा था शव अवलेश ने बताया कि वह दूसरी जगह रहती हैं और पीआरडी में तैनात हैं। सोमवार से उनकी शिवम से बातचीत नहीं हुई थी। उन्होंने बेटे के लिए एक दुकान भी किराए पर देखी थी, ताकि वह अपना कारोबार शुरू कर सके। मंगलवार को उन्होंने पड़ोसियों से बातचीत कर शिवम के बारे में जानकारी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर देखा तो शिवम का शव बेड पर पड़ा था। उसके दोनों हाथों में कपड़ा बंधा हुआ था। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताते हुए अजय पर आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)