रामपुर में आजम के घर छठे दिन भी जुटे समर्थक:सपा नेताओं का आने का सिलसिला जारी; 2027 के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज

Nov 24, 2026 - 16:41
0
रामपुर में आजम के घर छठे दिन भी जुटे समर्थक:सपा नेताओं का आने का सिलसिला जारी; 2027 के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज
गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के आवास पर मंगलवार को छठे दिन भी समर्थकों और नेताओं की भीड़ जुटी रही। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा। पार्टी नेताओं के साथ देश-विदेश के पत्रकार भी उनका इंटरव्यू करने पहुंच रहे हैं। आजम खान पत्रकारों को घर के अंदर बुलाकर बातचीत कर रहे हैं और उनके सवालों के जवाब दे रहे हैं। पश्चिमी यूपी से लखनऊ तक पहुंच रहे सपा नेता मंगलवार को सम्भल, रामपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के सपा जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी आजम खान से मिलने पहुंचे। लखनऊ सहित प्रदेश के दूसरे जिलों से भी सपा नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। इन मुलाकातों को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, नेताओं के साथ बैठकों में किन मुद्दों पर चर्चा हो रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लगातार हो रही मुलाकातों के बीच आजम खान की आगे की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी पर सवाल, बोले- एक दिन नगीना जाएंगे मंगलवार को कुछ पत्रकारों ने ऑफिस आते-जाते समय भी आजम खान से बातचीत करने की कोशिश की। इस दौरान उनसे यूपी की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संभावित जोड़ी के असर को लेकर सवाल किया गया। इस पर आजम खान ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, "अरे क्या बात करते हो, एक दिन हम नगीना जाएंगे और वहां के लोगों को भी बताएंगे, पूरे देश के लोगों को बताएंगे।" आजम के अगले राजनीतिक कदम पर नजर आजम खान के इस बयान के बाद नगीना और प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल उनके आवास पर समर्थकों, पार्टी नेताओं और पत्रकारों का पहुंचना जारी है। जेल से रिहाई के बाद उनकी सक्रियता और सपा नेताओं से लगातार मुलाकातों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि आजम खान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव और प्रदेश की सियासत को लेकर क्या रुख अपनाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User