जालौन में पंचनद मेले का एएसपी ने लिया जायजा:स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों और यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश
जालौन के उरई में कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर पंचनद मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने मेला परिसर और स्नान घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एएसपी ने स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और गोताखोरों की तैनाती की स्थिति देखी। उन्होंने गहरे पानी की ओर बैरिकेडिंग मजबूत करने और नावों के साथ गोताखोरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए, ताकि स्नान के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रभावी यातायात डायवर्जन लागू करने और पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने को कहा गया। अराजक तत्वों, जेबकतरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा लगातार पैदल गश्त करने के निर्देश भी दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीम को सक्रिय रहने को कहा गया। एएसपी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पुलिस की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)