जालौन में शव लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगाया जाम:अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं मिलने पर नाराजगी, मिला आश्वासन
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के नगेपुरा गांव में श्मशान घाट और उसके रास्ते की खराब हालत से ग्रामीण परेशान हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गांव के 38 वर्षीय पिंटू पुत्र रामप्रकाश की बीमारी से मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए उचित जगह नहीं मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीण शव लेकर कोंच पहुंचे और खेड़ा चौकी के सामने कोंच बाईपास पर जाम लगा दिया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते को ठीक कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते पर कीचड़ और पानी भरा रहता है, जिससे बारिश के दौरान अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो जाता है। जाम की सूचना पर एसडीएम कोंच अभिनव यादव और सीओ परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और जल्द श्मशान घाट बनवाने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। प्रदर्शन में चंद्रपाल पटेल, सुमित परिहार, भूपेंद्र पटेल, नितिन पटेल, राजू वर्मा, बबलू पटेल और विजय वर्मा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीण अब प्रशासन के आश्वासन पर काम होने का इंतजार कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)