जौनपुर में चित्रगुप्त भगवान की शोभायात्रा निकली:बारीनाथ मठ और रूहटा मंदिर में शृंगार कर छप्पन भोग लगाया; सभी समुदायों के लोग शामिल
जौनपुर में श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति ने बुधवार शाम 5 बजे शोभायात्रा निकाली। इससे पहले बारीनाथ मठ स्थित चित्रगुप्त मंदिर में दर्शन-पूजन किया गया। बारीनाथ मठ और रूहटा मंदिर में भगवान का शृंगार कर छप्पन भोग लगाया गया। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भक्तों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त सभी धर्मों और समुदायों के भगवान हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार, उनका जन्म भगवान ब्रह्मा की काया से हुआ था। वे सभी प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं।
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि कलम की पूजा करने वाले ऊंचाई हासिल करते हैं और समाज में अच्छे पदों पर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में सभी समुदायों के लोग शामिल हुए। इसे उन्होंने जौनपुर जिले के लिए अच्छी शुरुआत बताया। अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त किसी एक समुदाय के नहीं, बल्कि सभी के हैं। उन्होंने सभी से उनकी पूजा करने की बात कही।
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त को ज्ञान, शिक्षा, बुद्धि और कला का देवता माना जाता है। श्री चित्रगुप्त पूजन महासमिति के संयोजक और वरिष्ठ अधिवक्ता सरस चंद श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज जागरूक है और उसने शोभायात्रा में सभी समुदायों को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त को किसी एक जाति तक सीमित करना उचित नहीं है।
महासमिति के अध्यक्ष मनोज अग्रहरी ने कहा कि वैश्व समाज के साथ सभी समुदाय भगवान चित्रगुप्त की कलम-दवात की पूजा करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा हर साल बड़े रूप में आयोजित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)