झांसी के घाटों पर गूंज रहे छठी मइया के गीत:डूबते सूरज को अर्घ्य देने पहुंचे जोड़े, आस्था के रंग में रंगा पहूज नदी का अनुसुइया घाट
झांसी में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को पहूज नदी के अनुसुइया घाट पर छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की तैयारी की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ पूजा के लिए घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और खासकर बिहार से आकर झांसी में रह रहे परिवारों के लोग पूजा में शामिल होने पहुंचे। घाट पर महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा की तैयारियां कीं। कोई पूजा की सामग्री और फल-सूप सजा रहा था तो कोई घाट पर पूजन स्थल तैयार करने में जुटा था। छठी मइया के गीतों से घाट का माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और सूर्य देव व छठी मइया से परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति से जुड़े इस पर्व को लेकर झांसी में रहने वाले परिवारों में खास उत्साह देखने को मिला। लोगों ने परंपरा के अनुसार छठ पूजा में हिस्सा लेकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव भी दिखाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)