झांसी में गांजा तस्कर को 10 साल का कठोर कारावास:एक लाख जुर्माना, 4 साल पहले रेलवे स्टेशन पर 21Kg गांजा के साथ पकड़ा गया था
झांसी में 4 साल पहले रेलवे स्टेशन पर 21 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा के साथ पकड़े गए तस्कर को कोर्ट ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। उस पर एक लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया है। नहीं देने पर तीन महीने की जेल अतिरिक्त काटनी होगी। यह फैसला शनिवार को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट के विशेष न्यायाधीश ओम पाल सिंह ने सुनाया है। मुखबिर की सूचना पर पकड़ा था विशेष लोक अभियोजक दीपक तिवारी ने बताया- 6 अप्रैल 2022 को झांसी आरपीएफ और क्यूआरटी टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर पहुंची। जहां मुखबिर ने एसआई त्रिपुरेश कौशिक को सूचना दी कि प्लेटफार्म 4-5 पर निर्माणाधीन लिफ्ट के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बैठा है। इस पर टीम ने सीओ को सूचना दी। सीओ के आने के बाद टीम ने दबिश देकर बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव निवासी इनकार उर्फ आमिर खान पुत्र बेचे हसन को गिरफ्तार किया। उसके पास मिले 2 बैग से 21 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। तब आरोपी आमिर खान उत्तरी पूर्वी दिल्ली के खजरी थाना क्षेत्र के जगजीत नगर में रह रहा था। ट्रेन से दिल्ली ले जा रहा था गांजा आरोपी आमिर ने पूछताछ में बताया था कि उसे गांजा आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक व्यक्ति ने दिया था। उसे वह पहचानता नहीं है। वह दिल्ली के आदिल अंसारी के लिए काम करता था। उसी ने माल लेने के लिए उसे दो अप्रैल और 4 अप्रैल 2022 को 22500 रुपए ऑनलाइन दिए थे। उसका केरला एक्सप्रेस ट्रेन में एसी-3 में रिजर्वेशन था। ट्रेन छूटने पर वह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बैठ गया। ट्रेन में चेकिंग होने पर वह झांसी उतर गया। उसे यहां से दिल्ली के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी। उससे पहले ही वह पकड़ गया। दिल्ली पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर आदिल को माल लेने आना था। आमिर खान को गिरफ्तार करके पुलिस ने उसके खिलाफ जीआरपी थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। आज कोर्ट ने आरोपी आमिर खान को दोषी करार देते हुए 10 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपए से दंडित किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)