किसानों को पराली नहीं जलाने की सलाह दी:मिर्जापुर में बीएचयू की गोष्ठी, खेत में अवशेषों के इस्तेमाल, मृदा परीक्षण और संतुलित उर्वरक पर जोर
मिर्जापुर में खेतों की मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कृषि उत्पादन को टिकाऊ बनाने के लिए किसानों को पराली नहीं जलाने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने कहा- फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेत में मल्चिंग और कम्पोस्ट के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए। इससे मिट्टी की सेहत सुधरेगी और जैविक खाद भी तैयार होगी। शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी की ओर से खेत बचाओ अभियान के तहत फुलियारी गांव में किसान गोष्ठी आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (इक्रिसैट) के सहयोग से हुई गोष्ठी में 175 किसानों ने भाग लिया। पराली जलाने से मिट्टी को नुकसान बीएचयू कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख प्रो. श्रीराम सिंह ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। इससे जैविक कार्बन की मात्रा घटती है और वायु प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों से मल्चिंग, कम्पोस्ट बनाने और जैव अपघटक के इस्तेमाल की जानकारी दी। राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. पीके शर्मा ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड और नियमित मिट्टी परीक्षण के महत्व को समझाया। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी का नमूना लेने की विधि भी बताई। संतुलित उर्वरक इस्तेमाल करने की सलाह प्रो. अमिताभ रक्षित ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित और अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी में पोषक तत्वों का संतुलन बिगड़ रहा है। वहीं, डॉ. विनोद के. त्रिपाठी ने जल संरक्षण और सिंचाई में पानी की उपयोग दक्षता बढ़ाने के उपाय बताए। डॉ. आशीष लतारे ने मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण में जैविक खेती की भूमिका बताई। डॉ. अशोक शुक्ला ने फुलियारी जलागम विकास कार्यों की जानकारी दी। डॉ. सत्येंद्र नाथ सिंह ने राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम के उद्देश्यों और उपयोगिता के बारे में बताया। गोष्ठी के दौरान किसानों ने खेती, मिट्टी की उर्वरता, फसल उत्पादन और जल संरक्षण से जुड़ी समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं। वैज्ञानिकों ने सवालों के जवाब देकर उन्हें उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम का समन्वय आनंद सिंह और राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम की टीम ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)