झांसी में झाड़ियों में लाश छुपाकर पत्तों से ढकी:3 दिन बाद बरामद हुई, ट्रक पलटने के बाद प्रेमी जोड़े समेत 3 लोगों ने की वारदात
झांसी में दोस्त की लाश को झाड़ियों में छुपाकर पत्तों से ढकने का मामला सामने आया है। वह ट्रक में सवार होकर अपने दोस्त ड्राइवर, कंडेक्टर और प्रेमी जोड़े के साथ नांदेड़ जा रहा था। रास्ते में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में लाड़ी (24) नाम के युवक की मौत हो गई। लाश देखकर साथी डर गए। सभी ने सड़क से लगभग 50 मीटर दूर झाड़ियों में लाश छुपा दी। ऊपर से पेड़ के पत्ते डाल दिए। 3 दिन बाद शनिवार को लोगों ने शव देखकर पुलिस को खबर दी। जांच में पूरे मामले का भेद खुल गया। मृतक पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने उसके घरवालों को सूचना दी है। वे रविवार को झांसी पहुंचेंगे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एक्सीडेंट और लाश छुपाने का केस दर्ज किया था। पूरा मामला बबीना थाना क्षेत्र का है। पंजाब से हैदराबाद जा रहा था ट्रक पंजाब के लुधियाना से परचून का सामान लादकर नवजोत पुत्र गुरजोत अपने कंडक्टर विजय के साथ हैदराबाद जा रहा था। नवजोत का दोस्त रामगढ़ सरदारां निवासी लाडी (24) एवं प्रेमी युगल ट्रक में सवार हो गए। लाडी और प्रेमी जोड़े काे नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब के दर्शन करने जाना था। सहायक पुलिस अधीक्षक आईपीएस सिमरन सिंह ने बताया- 25 नवंबर की रात लगभग 11 बजे ट्रक झांसी-बबीना हाईवे पर इमामी के सामने अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नवजोत, विजय समेत प्रेमी युगल घायल हो गए। ट्रक में बाईं ओर बैठे लाडी पर ट्रक का भार आ गया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। झाड़ियों में लाश छुपाकर पत्ते डाले आईपीएस सिमरन सिंह के अनुसार, लाडी की मौत के बाद साथी बुरी तरह डर गए। मौत की सूचना देने की बजाय उन्होंने रात के अंधेरे में लाश को सड़क से लगभग 50 मीटर दूर भेल की बाउंड्रीवाल से सटी झाड़ियों में लाश को छुपा दिया। ऊपर से पेड़ के पत्ते डाल दिया। इसके बाद सभी इलाज कराने के लिए चले गए। शनिवार सुबह ट्रक में लदे परचून के सामान को दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया जा रहा था। तभी मजदूरों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा। शव बुरी तरह कुचला हुआ था। सूचना पर बबीना पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन के दौरान पुलिस को चालक नवजोत मिल गया। पूछताछ में उसने बताया कि हादसे में लाडी की मौत से सभी डर गए। इस वजह से शव झाड़ियों में छिपा दिया। आज होगा शव का पोस्टमार्टम पुलिस ने हादसे की जानकारी लाडी के घरवालों को दी। इसके बाद परिजन पंजाब से झांसी के लिए रवाना हो गए। परिजनों के झांसी आने के बाद पुलिस रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी। ट्रक में मौजूद लोगों के खिलाफ साक्ष्य छिपाने के आरोप समेत अन्य आरोप में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कराई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)