जाम से राहत के लिए बसों के रूट बदलेंगे:बदायूं में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लागू होगी नई व्यवस्था, 2 दिन चलेगा ट्रायल
बदायूं में शहर के प्रमुख चौराहों पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने बसों की आवाजाही का रास्ता बदलने की तैयारी की है। अब शहर में आने वाली बसें पुराने रास्तों से नहीं, बल्कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरेंगी। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को नई व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू होगी। इसमें रोडवेज के साथ निजी बसों के रूट भी तय किए गए हैं। व्यवस्था सफल रही तो इसे आगे भी लागू किया जा सकता है। यातायात प्लान में शहर के भीतर बसों के प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। बरेली, पीलीभीत और टनकपुर की ओर से आने वाली बसें नवादा चौराहा, पटेल चौक, एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल, महाराणा प्रताप चौक और हाथी पार्क होते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी। मुरादाबाद, चंदौसी, बिसौली, आंवला और कुंवरगांव की बसें भी पटेल चौक से एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़ और लालपुल होते हुए बस स्टैंड जाएंगी। कासगंज, एटा, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें मेडिकल कॉलेज तिराहा से बिल्सी मोड़, लालपुल और हाथी पार्क होकर पहुंचेंगी। बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, दिल्ली और सहसवान की बसों को बिल्सी मोड़ और लालपुल का रास्ता दिया गया है। बहजोई, इस्लामनगर और बिल्सी की बसें एआरटीओ चौराहा से बिल्सी मोड़ होकर आएंगी। पटियाली, अलीगंज और कादरचौक की बसें नौशेरा तिराहा से बिल्सी मोड़ होते हुए पहुंचेंगी। शाहजहांपुर, दातागंज, फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं और ककराला की बसों के लिए अलग रूट निर्धारित किया गया है। ये बसें मंडी समिति चौराहा, रेलवे फ्लाईओवर, पुलिस लाइन चौराहा, एमटी गेट और वन विभाग रोड होते हुए हाथी पार्क पहुंचेंगी। बस स्टैंड से निकलने का रास्ता भी बदला बस स्टैंड से निकलने वाली बसों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, कासगंज, कादरचौक और इस्लामनगर जाने वाली बसें भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा और नवादा चौराहा होकर निकलेंगी। दातागंज और शाहजहांपुर की बसें मझिया मोड़ से जाएंगी, जबकि फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं, ककराला और शाहजहांपुर की बसों को मंडी समिति तिराहा होकर निकाला जाएगा। 11 स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल नई व्यवस्था सिर्फ रूट बदलने तक सीमित नहीं रहेगी। इसे जमीन पर लागू कराने के लिए लालपुल तिराहा, जालंधरी सराय, महाराणा प्रताप चौक, हाथी पार्क, रोडवेज चौराहा, भामाशाह चौक, मंडी समिति चौक, दातागंज तिराहा, जफा की कोठी, पुरानी चौकी और नवादा समेत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मंडी समिति-मझिया रोड पर डीपीएस मार्ग, मझिया मोड़ और पटेल चौक पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जाम से राहत का असली इम्तिहान शहर में जाम की समस्या केवल बसों की आवाजाही तक सीमित नहीं है। प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा, ऑटो और दूसरे वाहनों का दबाव भी यातायात को प्रभावित करता है। ऐसे में दो दिन के इस प्रयोग में बसों के रूट बदलने के साथ दूसरे वाहनों का संचालन कितना व्यवस्थित रहता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल प्रशासन की इस पहल का मकसद शहर के भीतर बसों के अनावश्यक प्रवेश और चौराहों पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)