तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो गुट भिड़े:महराजगंज में दो आयोजकों और दो डीजे संचालकों पर केस दर्ज
महराजगंज के निचलौल कस्बे में लक्ष्मी प्रतिमा के डोल जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो गुटों में विवाद हो गया। पुलिस ने दो आयोजकों और दो डीजे संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को उपनिरीक्षक अमित विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। मुख्य तिराहे के पास जुलूस में शामिल डीजे संचालक आपसी प्रतिस्पर्धा में तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। इस दौरान दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई।
दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की कि तेज आवाज से धड़कन बढ़ रही है और सांस लेने में परेशानी हो रही है। एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों के तीमारदारों को भी दिक्कत हो रही थी।
पुलिस ने डोल आयोजक जिग्नहवा निवासी बंटी कसौधन और घोड़हवा निवासी प्रियांशु श्रीवास्तव को आवाज तय मानक के अनुसार रखने की हिदायत दी। मध्देशिया डीजे किंग के संचालक प्रेम और ओम डीजे के संचालक विजय को भी ध्वनि प्रदूषण के नियम बताए गए। इसके बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई और तेज आवाज में डीजे बजाया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 292, 293 और 223(बी), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत केस दर्ज किया है।
निचलौल थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए आयोजकों और डीजे संचालकों को पहले ही निर्देश दिए गए थे। नियम तोड़ने और पुलिस के आदेश न मानने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)