जमीनी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या:फिरोजाबाद में दो दिन पहले घर पर हुआ था पथराव, 13 लोगों पर हुई थी FIR
फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार तड़के बीमार पत्नी के लिए भगत को घर बुलाने के बाद लौट रहे प्रदीप को गांव के पास घेर लिया गया। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी पक्ष के लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा। उसका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। वारदात से दो दिन पहले भी प्रदीप के घर पर पथराव हुआ था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मृतक पक्ष की शिकायत पर 14 नवंबर को 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब युवक की हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। कोठरी के पास घेरकर किया हमला मृतक की पहचान सिंहपुर गांव निवासी प्रदीप पुत्र ब्रजसिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि रविवार सुबह तड़के वह बीमार पत्नी के लिए घर पर भगत को बुलाने गया था। वहां से लौटते समय गांव के पास बनी एक कोठरी के नजदीक पहले से मौजूद हमलावरों ने उसे घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। दो दिन पहले घर पर हुआ था पथराव परिजनों के मुताबिक, जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। दो दिन पहले प्रदीप के घर पर पथराव किया गया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद 14 नवंबर को मृतक पक्ष की ओर से 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। भाई ने पुलिस और भाजपा नेता पर लगाए आरोप हत्या के बाद मृतक के भाई ने पुलिस और एक भाजपा नेता पर षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच शुरू हत्या की सूचना मिलते ही एका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, पुरानी रंजिश और पथराव के मामले को जोड़कर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)