जयपाल मालवीय ने शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर:भारत को ओलिंपिक 2028 का पहला शूटिंग कोटा दिलाया; फाइनल में 242.2 पॉइंट हासिल किए

Nov 05, 2026 - 23:20
0
जयपाल मालवीय ने शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर:भारत को ओलिंपिक 2028 का पहला शूटिंग कोटा दिलाया; फाइनल में 242.2 पॉइंट हासिल किए
मध्यप्रदेश के जयपाल मालवीय ने शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर जीत लिया है। उन्होंने गुरुवार को कतर की राजधानी दोहा में चल रही ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप के पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में यह उपलब्धि हासिल की। जयपाल ने फाइनल में 242.2 पॉइंट हासिल कर दूसरा स्थान पाया। चीन के हू काई ने 243.9 पॉइंट के साथ गोल्ड जीता। दोनों के बीच सिर्फ 1.7 पॉइंट का अंतर रहा। चेक रिपब्लिक के जिंदरिच डुबोवी 220.9 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। जयपाल के इस प्रदर्शन के साथ भारत को लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 के लिए शूटिंग का पहला कोटा भी मिल गया। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ओलिंपिक में जयपाल ही भारत को रिप्रेजेंट करेंगे। कोटा देश के नाम होता है, खिलाड़ी के नाम नहीं। यानी भारत को इस इवेंट में ओलिंपिक के लिए एक जगह मिल गई है। इस जगह पर कौन खिलाड़ी उतरेगा, इसका फैसला भारतीय शूटिंग महासंघ की चयन प्रक्रिया और तय ट्रायल के आधार पर होगा। सिल्वर के साथ भारत को ओलिंपिक का पहला शूटिंग कोटा कैसे मिला? इस मेडल की अहमियत सिर्फ मेडल टैली तक सीमित नहीं है। जयपाल ने भारत को लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल में एक कोटा दिलाया है। ISSF के नियमों के मुताबिक, दोहा वर्ल्ड चैंपियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष फाइनल में टॉप-3 देशों को एक-एक कोटा मिला। हू काई ने चीन, जयपाल ने भारत और डुबोवी ने चेक रिपब्लिक के लिए यह स्थान हासिल किया। दोहा में इस वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान कुल 12 व्यक्तिगत ओलिंपिक इवेंट में 36 कोटा दिए जाने हैं। हर इवेंट में तीन कोटा उपलब्ध हैं। लॉस एंजिलिस तक पहुंचने के लिए अभी और स्टेज बाकी शूटिंग का पूरा क्वालिफिकेशन सफर अभी बाकी है। दोहा के अलावा 2027 में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप, वर्ल्ड कप और महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में भी देशों को कोटा हासिल करने के मौके मिलेंगे। ओलिंपिक रैंकिंग के जरिए भी कुछ स्थान दिए जाएंगे। लॉस एंजिलिस 2028 के शूटिंग कार्यक्रम में 15 मेडल इवेंट होंगे। इनमें पुरुषों और महिलाओं के छह-छह व्यक्तिगत इवेंट और तीन मिक्स्ड टीम इवेंट शामिल हैं। कुल 340 खिलाड़ियों को शूटिंग में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। क्वालिफिकेशन में तीसरे नंबर पर रहे, फाइनल में दबाव के बीच संभले मेडल राउंड तक पहुंचने के लिए जयपाल को पहले क्वालिफिकेशन मुकाबले से गुजरना पड़ा। इसमें उन्होंने छह सीरीज में कुल 585 पॉइंट बनाए और तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें आठ खिलाड़ियों के फाइनल में जगह मिली। 10 मीटर एयर पिस्टल में खिलाड़ी 10 मीटर की दूरी से इलेक्ट्रॉनिक टारगेट पर निशाना लगाते हैं। हर शॉट के आधार पर पॉइंट मिलते हैं। निशाना जितना केंद्र के करीब होता है, स्कोर उतना ज्यादा मिलता है। नेशनल ट्रायल में गोल्ड जीतकर पहली बार चर्चा में आए जयपाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने से पहले घरेलू प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया था। 2026 के नेशनल सिलेक्शन ट्रायल में उन्होंने दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल ट्रायल-1 इवेंट का गोल्ड जीता था। इस प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में वह सातवें स्थान पर रहे थे। इसके बावजूद फाइनल में उन्होंने 245.6 पॉइंट हासिल कर पहला स्थान पाया। इसके बाद जयपाल ने 2026 में चीन के हांगझोउ में हुए ISSF वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया। वहां उन्होंने क्वालिफिकेशन में 585 पॉइंट बनाए, लेकिन नौवें स्थान पर रहने के कारण फाइनल में जगह नहीं बना सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User