कानपुर-देहात में लोहे के एंगल गिरने से किशोर की मौत:रजाई पर सो रहा था, मामा ने टेंट संचालक पर हत्या की आशंका जताई

Nov 24, 2026 - 19:25
0
कानपुर-देहात में लोहे के एंगल गिरने से किशोर की मौत:रजाई पर सो रहा था, मामा ने टेंट संचालक पर हत्या की आशंका जताई
गजनेर थाना क्षेत्र के सैंथा गांव के 15 वर्षीय नीरज की उन्नाव जिले के पुरवा कस्बे के पास पिकअप में लदे लोहे के एंगल के नीचे दबकर मौत हो गई। वह पिकअप में रजाई बिछाकर सो रहा था। मामा ने टेंट संचालक पर हत्या की आशंका जताई है। नीरज, स्वर्गीय राजन का बेटा था और गांव के एक टेंट हाउस में काम करता था। टेंट संचालक के बेटे की बस्ती जिले में टेंट का सामान बेचने की दुकान है। सोमवार को संचालक नीरज को पिकअप में बैठाकर कानपुर ले गया था। वहां से उसने बस्ती की दुकान में बेचने के लिए करीब दो टन लोहे के एंगल खरीदे और पिकअप में लादे। पिकअप में नीचे रजाई-गद्दे और उनके ऊपर लोहे के एंगल रखे थे। टेंट संचालक ने परिजनों को बताया कि रात में नीरज ड्राइवर केबिन से उठकर पिकअप में बिछी रजाई पर सोने चला गया था। रात करीब ढाई बजे पुरवा कस्बे से करीब तीन किलोमीटर पहले पुरवा-मौरावां रोड पर झटके से पिकअप का बीच वाला सपोर्टर टूट गया। इससे लोहे के एंगल नीरज के ऊपर गिर गए। चालक ने गाड़ी रोककर देखा तो नीरज एंगल के नीचे दबा था। उसे निकालकर पुरवा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नीरज की मौत की सूचना पर उसके चाचा सरवन और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बाद में परिजन शव लेकर गांव आ गए। मृतक के मामा, महाराजपुर निवासी रामकुमार ने टेंट संचालक पर हत्या की आशंका जताते हुए यूपी-112 पर सूचना दी। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User