सहारनपुर में प्लॉट पर कब्जे की कोशिश:महिला बोली- विरोध किया तो पति को रेप केस में फंसाने की धमकी दी
सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुसैल गांव में प्लॉट को लेकर विवाद सामने आया है। वैशाली ने गांव के तीन लोगों पर उनके पति के खरीदे प्लॉट पर कब्जे की कोशिश, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मंगलवार दोपहर 2 बजे वह पुलिस लाइन पहुंचीं और एसएसपी से परिवार की सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
वैशाली ने शिकायत में बताया कि उनके पति शेखर पुंडीर ने गांव में विनोद से प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि विनोद की पहली पत्नी अनिता अपने दो साथियों के साथ प्लॉट पर कब्जा करना चाहती है। वैशाली के मुताबिक, अनिता करीब आठ साल पहले विनोद से अलग होकर दूसरी शादी कर चुकी थी। अब वह लौटकर जमीन को लेकर विवाद कर रही है।
वैशाली का आरोप है कि आरोपी उनके परिवार से गाली-गलौज करते हैं और घर से बाहर निकलने पर ईंट-पत्थर उठाकर हमला करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अनिता उनके पति को कपड़े फाड़कर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने और जेल भिजवाने की धमकी देती है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि एक आरोपी ने फतेहपुर थाने के सामने पलकट्टी से उनके पति पर हमला करने की कोशिश की। वैशाली ने दावा किया कि घटना का वीडियो उनके मोबाइल में है।
वैशाली के मुताबिक, उन्होंने पहले भी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पुलिस के सामने मारपीट की और फावड़ा लेकर हमला करने पहुंचे।
महिला ने बताया कि परिवार ने सुरक्षा के लिए घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं, लेकिन आरोपी उन्हें भी तोड़ने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार में डर का माहौल है। वैशाली ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और पति सहित पूरे परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)