कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:कार ने सेल्समैन को कुचला, 3 दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन; जाम में फंसने से सिपाही की मौत
नमस्कार, कानपुर की कल (गुरुवार) की 10 बड़ी खबरें…जाम में फंसने से सड़क हादसे में घायल सिपाही की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं, हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में कार ने बाइक सवार सेल्स मार्केटिंग कर्मचारी को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। इधर, धनतेरस और दीपावली की खरीदारी को देखते हुए 6 से 8 नवंबर तक शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। अब पढ़िए सिलेसिलेवार खबरें.. 1. कानपुर में जाम में फंसी एंबुलेंस, घायल सिपाही की मौत; पिता हाथ जोड़कर मांगते रहे रास्ता कानपुर में जाम में फंसी एंबुलेंस में घायल सिपाही की मौत हो गई। 22 वर्षीय प्रांशु सचान फतेहपुर में डंपर की टक्कर से घायल हुए थे। पिता उन्हें लेकर हैलट अस्पताल जा रहे थे, लेकिन टाटमिल चौराहे पर एंबुलेंस एक घंटे तक फंसी रही। पिता रास्ते के लिए हाथ जोड़ते रहे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पढ़िए पूरी खबर… 2. सिविल लाइंस में सांड ने बाइक सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर को पटका: पैर की हड्डी टूटी, हेड कांस्टेबल ने अस्पताल पहुंचाया सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ऑफिस जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर सांडों ने हमला कर दिया। सड़क किनारे लड़ रहे सांड अचानक दौड़े और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे पंकज कुमार भारती (38) सड़क पर गिर गए और उनके पैर की हड्डी टूट गई। मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल ने उन्हें ई-ऑटो से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। पढ़िए पूरी खबर… 3. कानपुर में 3 दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन: धनतेरस-दीपावली पर बदला रहेगा रूट, जानिए वैकल्पिक रूट कानपुर में धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के चलते 6 से 8 नवंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक प्रमुख बाजारों और चौराहों के आसपास वाहनों का रूट बदला रहेगा। बिरहाना रोड, नयागंज, दवा मार्केट, बड़ा चौराहा और पी रोड जाने वालों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा। पढ़िए पूरी खबर… 4. चिड़ियाघर में 40 दिन में 9 वन्यजीवों की मौत: 13 साल के तेंदुए मुराद ने भी तोड़ा दम, 4 दिन से था बीमार चिड़ियाघर में वन्यजीवों की मौत का सिलसिला जारी है। पिछले 40 दिनों में 9 जानवरों की जान जा चुकी है। बुधवार को 13 साल के तेंदुए मुराद की भी मौत हो गई। वह पिछले 4 दिनों से बीमार था और उसने खाना-पीना छोड़ दिया था। पोस्टमार्टम के बाद उसके सैंपल जांच के लिए IVRI बरेली भेजे गए हैं। पढ़िए पूरी खबर… 5. कानपुर में पूर्व रक्षा अधिकारी के घर में चोरी, ताला तोड़कर जेवर और कैश समेत 25 लाख का माल ले गए गोविंद नगर थाना क्षेत्र में लाल कॉलोनी चौकी से महज 50 मीटर दूर रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी के बंद घर में चोरी हो गई। चोर ताला तोड़कर कैश और जेवर समेत करीब 25 लाख रुपये का माल ले गए। इससे पहले उसी रात किदवई नगर में एक मोबाइल शॉप से 16 लाख रुपये के मोबाइल चोरी किए थे। पढ़िए पूरी खबर… 6. कल्याणपुर में युवती ने फंदा लगाकर जान दी, 6 महीने पहले कन्नौज से सिलाई सीखने आई थी कल्याणपुर में एक 20 साल की युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। संध्या छह महीने पहले कन्नौज से सिलाई सीखने आई थी और चाचा-चाची के साथ रह रही थी। घटना के समय वह कमरे में अकेली थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर चाची ने खिड़की से देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। पढ़िए पूरी खबर… 7. कानपुर में 4.5 लाख आबादी पर जलसंकट: कंपनी बाग चौराहे के पास पाइपलाइन में लीकेज, अशोक नगर में सीवर लाइन टूटी कानपुर में पाइपलाइन लीकेज से साढ़े 4 लाख से ज्यादा लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। कंपनीबाग मार्ग पर जीआरपी फीडरमेन में लीकेज के चलते बैराज प्लांट बंद कर मरम्मत शुरू कराई गई है। इससे उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के करीब 40 मोहल्लों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है। अशोक नगर में सीवर लाइन भी लीक हो गई। पढ़िए पूरी खबर… 8. कानपुर में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर: जमीन विवाद में लापरवाही, कालपी पुलिस से भिड़े थे गुजैनी चौकी इंचार्ज कानपुर में दो अलग-अलग मामलों में लापरवाही और पुलिस से भिड़ने के आरोप में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। दहेली उजागर गांव में चार लोगों को गोली मारने के मामले में बिधनू इंस्पेक्टर और खड़ेसर चौकी प्रभारी लाइन हाजिर किए गए। वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या के मामले में गुजैनी चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई हुई। पढ़िए पूरी खबर… 9. हनुमंत विहार में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचला: हादसे के बाद भागने की कोशिश, इलाज के दौरान मौत हनुमंत विहार में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार सेल्स मार्केटिंग कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि चालक ने भागने की कोशिश में उन्हें कुचल दिया और फरार हो गया। घायल को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर… 10. नरवल की निरमा फैक्ट्री में मजदूर ने साथियों संग की तोड़फोड़: नौकरी से हटाने के बाद आधा दर्जन लोगों के साथ पहुंचा नरवल में निरमा फैक्ट्री में नौकरी से हटाए गए मजदूर ने साथियों के साथ जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि बुधवार रात वह आधा दर्जन लोगों के साथ फैक्ट्री पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए सामान तोड़ दिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। पढ़िए पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)