कारोबारी से निवेश के नाम पर 35 लाख की ठगी:गोंडा में कोर्ट के आदेश पर लविश चौधरी समेत तीन पर FIR
गोंडा में फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर ठगी के आरोपों में चर्चा में रहे लविश चौधरी उर्फ नवाब अली के खिलाफ एक और मामला सामने आया है। इस बार गोंडा के कारोबारी अनिल कुमार तिवारी ने निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार देर शाम करीब 3:57 बजे इटियाथोक कोतवाली में लविश चौधरी, ब्रिजेश कुमार और संजय जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे की कॉपी बुधवार सुबह सामने आई। सेमिनार में बुलाकर निवेश के लिए किया तैयार कोतवाली इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम शिवपुरिया विशुनपुर संगम निवासी अनिल कुमार तिवारी ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह कारोबारी हैं। उनके मुताबिक, चंडीगढ़ निवासी संजय जायसवाल और पटना निवासी ब्रिजेश कुमार ने व्यापारिक साझेदारी और निवेश के नाम पर उनसे संपर्क किया। आरोप है कि दोनों ने 'बटको' (Botco/Bitco) नाम की कंपनी में भारी मुनाफे का दावा करते हुए उन्हें दिल्ली में आयोजित एक सेमिनार में बुलाया। वहां मौजूद लोगों ने भी कंपनी से अच्छा रिटर्न मिलने की बात कहकर उनका भरोसा जीता। इसके बाद अनिल ने 31 दिसंबर 2023 को पहली बार 10 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में कुछ रिटर्न मिलने पर उनका विश्वास और बढ़ गया। थाईलैंड और दुबई के टूर कराकर जीता भरोसा पीड़ित का आरोप है कि विश्वास बढ़ाने के लिए आरोपियों ने उन्हें थाईलैंड और दुबई के टूर पर भेजा। दुबई में आयोजित एक कार्यक्रम में बॉलीवुड और खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं। इनमें इमरान हाशमी, मलाइका अरोड़ा, हार्डी संधू, गुरु रंधावा, यो यो हनी सिंह, रणविजय सिंह, प्रिंस नरूला, नेहा धूपिया और सानिया मिर्जा के नाम शामिल हैं। आरोप है कि इसी कार्यक्रम में अनिल की मुलाकात गिरोह के कथित सरगना मुजफ्फरनगर निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली से कराई गई। मंच से हस्तियों द्वारा लविश की तारीफ किए जाने के बाद अनिल को कंपनी और उसके कारोबार पर भरोसा हो गया। कई किस्तों में लगाए 35 लाख रुपए अनिल के मुताबिक, लविश चौधरी के कहने पर उन्होंने अगस्त 2024 में आठ लाख, जनवरी 2025 में 10 लाख और अप्रैल 2025 में सात लाख रुपये निवेश किए। इससे पहले दिसंबर 2023 में लगाए गए 10 लाख रुपये मिलाकर उनकी कुल निवेश राशि 35 लाख रुपये हो गई। पीड़ित का दावा है कि उनके भरोसे पर कई परिचितों ने भी कंपनी में पैसे लगाए। कंपनी के नाम बदलने और रिटर्न रोकने का आरोप पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद कंपनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया। जांच और शिकायतों से बचने के लिए कंपनी के नाम बार-बार बदले गए। आरोप है कि पहले 'अपग्रो', फिर 'बट अपग्रो', इसके बाद 'वंश मार्केट' और अंत में 'माइनक्रिप्टो' नाम से काम किया गया। बाद में रिटर्न पूरी तरह रोक दिया गया और वेबसाइट भी बंद कर दी गई। अनिल का आरोप है कि रुपए वापस मांगने पर लविश चौधरी ने मूल रकम वापस पाने के लिए 25 से 50 प्रतिशत अतिरिक्त रकम निवेश करने का दबाव बनाया। छानबीन के दौरान उन्हें लविश के खिलाफ आपराधिक मामलों और केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच से जुड़े होने की जानकारी मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)