कासगंज में रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिला:डॉक्टर पति पर हत्या का आरोप, विवाद के बाद रात में घर से निकली थी महिला
कासगंज-बाधारी रेलवे मार्ग पर शनिवार सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून मिला। रेलवे की-मैन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटनास्थल के साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सुबह 6:45 बजे रेलवे ट्रैक पर मिला शव पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे रेलवे की-मैन ने किलोमीटर संख्या 243/19 और 243/20 के बीच शव पड़े होने की सूचना दी। मृतका की पहचान नगला वाले निवासी रामादेवी राजपूत के रूप में हुई। वह सुधाकर की पत्नी थी। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। छह साल पहले हुई थी शादी रामादेवी की शादी करीब छह साल पहले सुधाकर से हुई थी। दंपती का तीन साल का बेटा गगन है। सुधाकर नगला वाले में निजी क्लीनिक चलाता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुधाकर ने जमीन छह लाख रुपये में गिरवी रखी थी। असिस्टेंट लोको पायलट की परीक्षा में छह अंकों से असफल होने के बाद शुक्रवार रात दंपती के बीच विवाद हुआ था। शराब के नशे में मारपीट का आरोप आरोप है कि शुक्रवार रात शराब के नशे में सुधाकर ने रामादेवी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह रात करीब 10 बजे घर से चली गई थी। शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की जानकारी पति को दी गई। मृतका के मायके पक्ष ने सुधाकर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी जगदीश राजपूत ने बताया कि पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)