काशी-तमिल संगमम् में 1400 श्रद्धालु प्रयागराज आएंगे:पहला जत्था 29 नवंबर को पहुंचेगा; सात समूहों में होगा आयोजन, संगम में स्नान करेंगे

Nov 25, 2026 - 14:00
0
काशी-तमिल संगमम् में 1400 श्रद्धालु प्रयागराज आएंगे:पहला जत्था 29 नवंबर को पहुंचेगा; सात समूहों में होगा आयोजन, संगम में स्नान करेंगे
दक्षिण और उत्तर भारत के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू किए गए काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण की शुरुआत 28 नवंबर से होने जा रही है। इस आयोजन के तहत 28 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच सात अलग-अलग समूहों में करीब 1400 तमिल श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचेंगे। सभी श्रद्धालु काशी से होते हुए संगम नगरी आएंगे। यहां उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया जाएगा। मेलाधिकारी एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के मुताबिक, तमिल श्रद्धालुओं का पहला जत्था 29 नवंबर को प्रयागराज पहुंचेगा। श्रद्धालु दो-दो सौ के बैच में अलग-अलग तारीखों पर यहां आएंगे। प्रयागराज पहुंचने के बाद श्रद्धालु मोटर बोट से त्रिवेणी संगम जाएंगे और गंगा, यमुना व अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु बड़े हनुमान मंदिर और आदि शंकर विमान मंडपम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। श्रद्धालुओं को प्रयागराज के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। साथ ही उन्हें यहां के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को प्रयागराज के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देने के लिए विशेष बुकलेट भी दी जाएगी। प्रत्येक समूह के लीडर को स्मृति चिह्न यानी मोमेंटो भेंट किया जाएगा। संगम तट पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। मेलाधिकारी ऋषि राज ने बताया कि हर बैच में समाज के अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व रहेगा। इसमें लेखक, शिक्षक, चिकित्सक, व्यापारी और विद्यार्थी शामिल होंगे। आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, यातायात पुलिस, नगर निगम, जल पुलिस, लोक निर्माण विभाग और मेला प्राधिकरण समेत कई विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। तमिल श्रद्धालुओं को भाषा संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए तमिल भाषा के जानकार वॉलिंटियर्स भी संगम तट पर तैनात रहेंगे। ये वॉलिंटियर्स श्रद्धालुओं से संवाद करने और उन्हें स्थानीय व्यवस्थाओं की जानकारी देने में मदद करेंगे। काशी तमिल संगमम् के जरिए प्रयागराज में उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, परंपरा और आपसी जुड़ाव की झलक देखने को मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User