प्रयागराज में स्पेलियर तकनीक से अमरूद खेती का दिया प्रशिक्षण:वैज्ञानिकों ने किसानों को कम जगह में उत्पादन बढ़ाने का तरीका बताया

Nov 25, 2026 - 13:43
0
प्रयागराज में स्पेलियर तकनीक से अमरूद खेती का दिया प्रशिक्षण:वैज्ञानिकों ने किसानों को कम जगह में उत्पादन बढ़ाने का तरीका बताया
स्पेलियर तकनीक से अमरूद के पौधे कतारों में लगाकर कम जगह में अधिक और अच्छी गुणवत्ता का उत्पादन लिया जा सकता है। यह जानकारी शुआट्स के प्रसार निदेशालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने दी। प्रयागराज के खुसरोबाग स्थित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में डॉ. शैलेंद्र सिंह ने स्पेलियर तकनीक की जानकारी दी। इस तकनीक में पौधों को दो से तीन मीटर की दूरी पर कतारों में लगाया जाता है। फिर स्थायी ढांचा तैयार कर पौधों को उस पर चढ़ाया जाता है और उनकी बढ़वार नियंत्रित की जाती है। इससे परंपरागत खेती की तुलना में बेहतर उत्पादन मिल सकता है। प्रशिक्षण केंद्र में इस तकनीक का प्रदर्शन किया गया है, जिसका लाभ अमरूद उत्पादक किसान उठा सकते हैं। उद्यान विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुराग तायडे ने बागों और पौधों में लगने वाले कीटों और बीमारियों की पहचान व नियंत्रण के तरीके बताए। बिलोवुड प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर डॉ. सत्यम सिंह ने कृषि रक्षा रसायनों के दुष्प्रभाव और उनके संतुलित इस्तेमाल की जानकारी दी। डॉ. सत्यम सिंह ने कहा कि कीट और रोग नियंत्रण के लिए रसायनों का इस्तेमाल तभी करना चाहिए, जब फसल को आर्थिक नुकसान तय स्तर से अधिक हो। रसायनों के सही इस्तेमाल से फसल और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव कम किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी विजय किशोर सिंह ने अमरूद की वेज ग्राफ्टिंग तकनीक बताई। उन्होंने कहा कि नवंबर से जनवरी के बीच ग्राफ्टिंग कर कलमी पौधे तैयार किए जा सकते हैं। समापन सत्र में प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता हुई। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट और प्रमाणपत्र भी बांटे गए। प्रशिक्षण में प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर के 50 प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। संचालन उद्यान निरीक्षक मनीष कुमार यादव ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User